
Chhattisgarh Road Accidents: विजयादशमी और त्योहारी सीजन की खुशियां छत्तीसगढ़ में मातम में बदल गई हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुए भीषण सड़क हादसों में कुल 13 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। रायगढ़, सरगुजा, कांकेर और जशपुर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। वहीं, दंतेवाड़ा जिले में पिछले 24 घंटे के भीतर हुए दो सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। कहीं मेला देखकर लौट रहे लोगों की जान गई, तो कहीं दशहरा देखने जा रहे परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक अन्य सड़क हादसे में मेला देखने जा रहे बुजुर्ग की जान चली गई। लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सरगुजा जिले के सीतापुर में मेला देखकर घर लौट रहे दो नाबालिग हादसे का शिकार हो गए। तेज रफ्तार ट्रेलर ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। त्योहार के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, जशपुर जिले में तेज रफ्तार यात्री बस की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई।
कांकेर जिले में नेशनल हाईवे पर सड़क पार कर रहे दो युवकों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। इस हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने एनएच-30 पर चक्काजाम कर दिया और जेसीबी की मदद से हाईवे खोदने का प्रयास किया। ग्रामीणों की मांग है कि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में ओवरब्रिज बनाया जाए। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे और हाईमास्ट लाइट लगाने की भी मांग की जा रही है।
दंतेवाड़ा जिले के बचेली में दशहरा देखने जा रहे लोगों से भरी पिकअप अनियंत्रित हो गई। वाहन ने पहले मुद्दा राम भास्कर को कुचल दिया और फिर पलट गया। हादसे में एक व्यक्ति के साथ गर्भवती अन्नू मंडावी और उनके गर्भस्थ शिशु की भी मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक फरार बताया जा रहा है।वहीं, जिले के गीदम क्षेत्र में बड़ेकरका पुलिया के पास एक अन्य सड़क हादसा हुआ। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
त्योहारी सीजन में हुए इन हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। तेज रफ्तार और सड़क दुर्घटनाओं के कारण हुई इन मौतों ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बढ़ा दी है।