
Solar Energy in Chhattisgarh: @ दिनेश कुमार। छत्तीसगढ़ में किसानों की बंजर जमीन अब कमाई का जरिया बनती जा रही है। ऐसी जमीन पर किसान अब सूर्य की रोशनी से बिजली उत्पादन शुरू कर दिया है। इससे किसान न सिर्फ बिजली का उत्पादक बन गया है, साथ ही विक्रेता भी बन गया है। यह काम किसान प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाअभियान (पीएम कुसुम ए) योजना के अंतर्गत कर रहे है। इस योजना के माध्यम से किसान अपनी बंजर जमीन पर सोलर पैनल लगाकर बिजली उत्पादन करता है। उत्पादित बिजली को किसानों से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (सीएसपीडीसीएल) निर्धारित रेट में खरीदती है।
इस योजना के अंतर्गत प्रदेशभर वर्तमान समय में करीब 137 एकड़ बंजर जमीन में 39 मेगावाट का का उत्पादन शुरू हो चुका है। करीब 25 जिलों में ऐसी जमीनों में सोलर के माध्यम से बिजली उत्पादन किया जा रहा है। जिन किसानों के पास बंजर या अनउपजाऊ जमीन है और उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है, जिससे वे सोलर पैनल नहीं लगा पा रहे। इस स्थिति में वे किसान अपनी जमीन को प्राइवेट वेंडर को अपनी जमीन लीज में देकर कमा रहे हैं। प्रति एकड़ जमीन में करीब 30 हजार रुपए किराए में प्राइवेट वेंडर बंजर जमीनों में किसानोंं से सोलर पैनल लगाने के लिए लेने को तैयार हैं।
कुसुम ए योजना के तहत खेती के काम नहीं आने वाली जमीन में 1 मेगावाट प्रोजेक्ट लगाने के लिए करीब 3.5 एकड़ जमीन की आवश्यकता होती है। साथ ही 3.50 करोड़ का बजट की भी जरूरत होगी है। ऐसे में बंजर जमीन के स्वामी अधिकतर किसान प्राइवेट वेंडर के माध्यम से इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ा रहे हैं और आमदनी का जरिया बनाया है।
सीएसपीडीसीएल कुसुम ए योजना के अंतर्गत किसानों या संस्थाओं द्वारा सोलर के माध्यम से पैदा की गई बिजली को 3.5 रुपए प्रति यूनिट के दर से खरीद रही है। एक मेगावाट में 16.64 लाख यूनिट बिजली उत्पादित होती है। ऐसे में किसान जब खुद के बजट से प्रोजेक्ट लगाता है, तो उसे लाखों की आमदनी होगी।
सीएसपीडीसीएल के अनुसा यह योजना 1200 करोड़ से ज्यादा बजट की है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में करीब 217 प्रोजेक्ट बंजर जमीनों में सोलर पैनल लगाने के संचालित है, जिसमें करीब 366 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ये प्रोजेक्ट रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, जशपुर, बेमेतरा, बालोद, कांकेर समेत प्रदेशभर के करीब 25 जिलों में चल रहे हैं। 377 मेगावाट के प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए मार्च 2027 की समयसीमा तय की गई है।
इस प्रोजेक्ट के जरिए केवल बंजर जमीन में ही नहीं जलाशय, रेलवे ट्रैक किनारे, पहाड़ में भी सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं और सूर्य की रोशनी में बिजली उत्पादन किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में कुसुम योजना के अंतर्गत सबसे ज्यादा प्रोजेक्ट दुर्ग में 51 मेगावाट के प्रस्तावित हैं। अन्य जिलों रायपुर में 37.7 मेगावाट, महासमुंद में 30, राजनांदगांव में 12.5, बिलासपुर में 18.5, बालोद में 2.5, बलरामपुर में 1, मुंगेली में 7.5, कबीरधाम में 24, बलौदाबाजार में 15, बेमेतरा में 36, खैरागढ़ में 18, धमतरी में 5, गरियाबंद में 2, सारंगढ़ में 2, कोंडागांव-5, जांजगीर-चांपा-में 22, सक्ति में 2, कोरबा में 3.15, जशपुर में 43, कोरिया में 5, बस्तर में 2, रायगढ में 2, सरगुजा में 4, भाटापारा में 2 और जीपीएम-1 मेगावाट के प्रोजेक्ट किसानों की बंजर जमीन में प्र्रस्तावित हैं।
पीएम कुसुम ए योजना के अंतर्गत ऐसे किसान जिनके पास बंजर जमीन है, उस जमीन वे सोलर पैनल लगाकर बिजली उत्पादन कर सकते हैं। उस बिजली को सीएसपीडीसीएल 3.5 रुपए प्रति यूनिट रेट से खरीद रहा है, जिससे किसानों की कमाई में वृद्धि हुई है। यह प्रोजेक्ट पूरे प्रदेश के कई जिला में चल रहे हैं और लगातार विस्तार किया जा रहा है।
एन बिम्बिसार, अधीक्षण यंत्री, सोलर एनर्जी शाखा, सीएसपीडीसीएल
39 मेगावाट उत्पादन- 136.5 एकड़ जमीन में
1 मेगावाट उत्पादन लिए 3.5 एकड़ जमीन और 3.5 करोड़ का बजट
217 प्रोजेक्ट- 366 मेगावाट उत्पादन, खर्च 1281 करोड़
मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
करीब 25 जिलों में संचालित होगा प्रोजेक्ट