रायपुर

Chhattisgarh Waqf Property: 418 लोगों को नोटिस जारी, 23 जनवरी के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

Illegal Occupation of Waqf Property: छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने संपत्तियों पर कथित अवैध कब्जे और फर्जी रजिस्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की है। अब तक 418 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 2 Nov 2026, 6:06 PM IST
Chhattisgarh Waqf Property
Chhattisgarh Waqf Property: 418 लोगों को नोटिस जारी(photo-patrika)

Chhattisgarh Waqf Property: छत्तीसगढ़ में वक्फ बोर्ड की संपत्तियों पर कथित अवैध कब्जे और फर्जी रजिस्ट्रियों को लेकर राज्य वक्फ बोर्ड ने सख्त रुख अपनाया है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने कहा है कि 23 जनवरी के बाद वक्फ संपत्तियों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसके साथ ही कथित तौर पर फर्जी तरीके से कराई गई रजिस्ट्रियों को शून्य कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। बोर्ड के मुताबिक, अब तक इस संबंध में 418 लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।

Waqf Property Encroachment: 418 लोगों को जारी किए गए नोटिस

वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज के अनुसार, बोर्ड की ओर से 418 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें ऐसे मामले शामिल हैं, जिनमें वक्फ संपत्तियों की कथित तौर पर फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराई गई है। उन्होंने बताया कि संबंधित रजिस्ट्रारों को भी इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। 23 जनवरी के आसपास इन मामलों में कार्रवाई करते हुए ऐसी रजिस्ट्रियों को शून्य कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

अतिक्रमणकारियों को दिया जाएगा अंतिम नोटिस

डॉ. सलीम राज ने कहा कि वक्फ संपत्तियों पर कब्जा करने वालों को अंतिम नोटिस देकर जमीन खाली करने के लिए कहा जाएगा। उन्होंने दावा किया कि रायपुर के सदर बाजार और तात्यापारा सहित प्रदेश के कुछ अन्य इलाकों में वक्फ की संपत्तियां खाली कराई जा चुकी हैं। भाटगांव के आसपास भी एक संपत्ति खाली कराई गई है, जबकि एक अन्य संपत्ति को खाली कराने की प्रक्रिया जारी है।

वक्फ की खाली जमीन पर अस्पताल बनाने की योजना

बोर्ड अध्यक्ष के मुताबिक, खाली कराई गई संपत्तियों का उपयोग जनहित के कार्यों में करने की योजना है। धमतरी में अस्पताल का काम कराया जा रहा है। वहीं, रायपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में लड़कियों के लिए 50 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण भी कराया जा रहा है।

नियमितीकरण का भी मिलेगा अवसर

डॉ. सलीम राज ने बताया कि 23 जनवरी को अंतिम तारीख निर्धारित की गई है। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले अतिक्रमण हटाने और फिर संबंधित मामलों में नियमानुसार नियमितीकरण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। यदि संबंधित लोग इसके लिए तैयार नहीं होते हैं, तो संपत्तियां खाली कराई जाएंगी।

23 जनवरी के बाद कार्रवाई की तैयारी

वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि बोर्ड अब लंबित मामलों में कार्रवाई को आगे बढ़ाएगा। उनके मुताबिक, 23 जनवरी के बाद अतिक्रमण और कथित फर्जी रजिस्ट्रियों से जुड़े मामलों पर कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल इस मामले में बोर्ड की आगामी कार्रवाई और संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर नजर रहेगी।

Updated on:
2 Nov 2026, 6:06 PM IST
Published on: