
Chhattisgarh weather U-turn छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र रायपुर ने राज्य के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश के बीच लोगों को सतर्क रहने और मौसम को देखते हुए ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों में सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं अगले 48 घंटों के दौरान सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरबा और गरियाबंद जिलों में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं। जलभराव की स्थिति बनने से शहरों में यातायात प्रभावित हो सकता है और यात्रा में अधिक समय लग सकता है। लगातार बारिश के चलते दृश्यता भी कम हो सकती है, जिससे वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
इसके अलावा निचले इलाकों में पानी भरने और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है। नहरों पर बने निचले पुलों को एहतियात के तौर पर बंद किया जा सकता है। खेतों में जलभराव होने से फसलों पर भी असर पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। बारिश के समय नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और स्थानीय प्रशासन तथा मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। रघुनाथ नगर और मालखरौदा में 8-8 सेमी बारिश हुई। वहीं सिमगा में 6 सेमी पानी गिरा।
इसके अलावा सुहेला, दोरनापाल, जैजैपुर, गिधौरी, टुंड्रा, छाल और देवभोग में 5-5 सेमी बारिश दर्ज की गई। भोथिया, बम्हनीडीह, पामगढ़, तमनार और नवागढ़ में 4-4 सेमी वर्षा हुई। पलारी, पिपरिया, मुंगेली, सेवरीनारायण, बिलाईगढ़, मनोरा, जगरगुंडा, बिल्हा, सीपत, तिल्दा, साल्हेवारा, कापू, बलौदाबाजार, कांसाबेल, अकलतरा, अड़भार, कवर्धा, कोरबा, पौड़ी उपरोड़ा, खड़गवा, पटना और बिलासपुर में करीब 3-3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।