रायपुर

बड़ी खुशखबरी: छूटे पात्र हितग्राहियों को मिलेगा PM आवास, सुशासन तिहार में CM साय ने की ये बड़ी घोषणा

Sushasan Tihar 2026: सीएम ने पीएम आवास योजना की जानकारी ली और कहा कि आवास प्लस सर्वेक्षण के माध्यम से छूटे हुए सभी पात्र हितग्राहियों को भी योजना का लाभ दिया जाएगा।
2 min read
May 17, 2026
Sushasan Tihar 2026
सुशासन तिहार में CM की चौपाल (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Sushasan Tihar 2026: रायपुर@ राहुल जैन। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को पामगढ़ के ग्राम कोसला और कोरबा के लेमरू में जन समस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। कोसला में सीएम ने पीएम आवास योजना की जानकारी ली और कहा कि आवास प्लस सर्वेक्षण के माध्यम से छूटे हुए सभी पात्र हितग्राहियों को भी योजना का लाभ दिया जाएगा। सीएम ने ग्राम कोसला में महतारी सदन एवं हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण की घोषणा भी की।

Sushasan Tihar 2026: ग्रामीणों से सीधे रूबरू हुए मुख्यमंत्री

वहीं लेमरू में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से सरकार बनी है और उनकी सेवा करना ही सरकार का परम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार सरकार की जनता तक सीधी पहुंच और संवेदनशील कार्यशैली का प्रतीक है। सीएम ने सुशासन तिहार के तहत कोसला और लेमरू का औचक निरीक्षण किया। दोनों जगह सीएम ने बिना किसी औपचारिकता के पीपल पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने चौपाल में ग्रामीणों, महिलाओं और किसानों से सीधे चर्चा करते हुए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। सीएम के कार्यक्रम के दौरान मंत्री ओपी चौधरी, मंत्री लखनलाल देवांगन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

मेधावी विद्यार्थियों को दिए टैबलेट

लेमरू में सीएम ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कोरबा जिले के 18 मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया। शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागीय योजनाओं के हितग्राहियों को राशन कार्ड, कृषि उपकरण, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, मछली पालन सामग्री, पंप, पावर स्प्रेयर, सुपोषण टोकरी तथा स्व.सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए।

पटवारी से कहा, जनता को कोई परेशानी न हो

ग्रामीणों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पूछा, पटवारी नियमित रूप से गांव आते हैं या नहीं? ग्रामीणों द्वारा सकारात्मक जवाब दिए जाने पर मुख्यमंत्री ने गांव के पटवारी शत्रुघन कुर्रे को निर्देशित किया कि ग्रामीणों और किसानों की समस्याओं का तत्परता से निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भटकना न पड़े।

लेमरू में यह प्रमुख घोषणा

  • सिंचाई के लिए एनीकट निर्माण।
  • पोस्ट मैट्रिक छात्रावास स्थापना।
  • विभिन्न ग्राम पंचायतों में विद्युतीकरण।
  • स्कूल भवन, आंगनबाड़ी भवन, सीसी रोड और पुलिया निर्माण होगा।

यह रहा खास

  • कोसला में सीएम ने माता कौशल्या मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता कौशल्या एवं प्रभु श्रीराम से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की।
  • लेमरू में सीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राही धरम सिंह के नव निर्मित आवास का उद्घाटन एवं गृह प्रवेश कराया।
  • मुख्यमंत्री ने लेमरू में ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी लखपति दीदी मंजू द्वारा संचालित छोटे से स्टॉल पर पहुंचकर उनके हाथों से बने चटपटे गुपचुप का स्वाद लिया और आत्मीय संवाद किया।
Updated on:
17 May 2026 01:44 pm
Published on:
17 May 2026 01:44 pm