रायपुर

Raipur News: जन्माष्टमी की रात शराब बेचने वाला शख्स निकला कांग्रेस का बड़ा नेता, चुनाव में मिली है टिकट

Raipur Crime News: जन्माष्टमी की रात रायपुर के प्लैटिनम बार में शराब बेचते हुए कांग्रेस नेता पलाश मल्होत्रा को पुलिस ने पकड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रंगे हाथों दबोचा है..
2 min read
Sep 05, 2026
congress leader arrested
प्रतीकात्मक तस्वीर

Chhattisgarh Crime News: जन्माष्टमी की रात कांग्रेस नेता शराब बेचते हुए पकड़ाया है। मौदहापारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्लैटिनम बार के संचालक पलाश मल्होत्रा को गिरफ्तार किया है। बता दें कि जन्माष्टमी के दिन जिला प्रशासन ने ड्राई डे घोषित किया था, बावजूद कांग्रेस नेता चोरी-छीपे शराब बेच रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब के साथ बिक्री से मिली नकदी भी जब्त की है। बार के सुरक्षा गार्ड की भूमिका सामने आने के बाद उसके खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

Raipur Crime News: मुखबीर से मिली थी सूचना

शुष्क दिवस के दौरान शराब बेचने की सूचना पुलिस को मुखबीर से मिली थी, जिसके बाद मौदहापारा पुलिस ( Raipur Crime News ) ने गली नंबर एक, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार में दबिश देकर चोरी-छिपे शराब निकालकर बाहर ग्राहकों को बेचते हुए कांग्रेस नेता पलाश मल्होत्रा को पकड़ा। बता दें कि पुलिस को पूर्व में भी बार से संबंधित शिकायतें मिली थीं। मुखबिर से मिली ताजा सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई कर पकड़ा है।

प्लैटिनम बार के संचालक पलाश मल्होत्रा पुलिस हिरासत में

रात 10:30 बजे संचालक को पकड़ा

निगरानी के दौरान पुलिस ने रात करीब 10:30 बजे बार से शराब निकालकर बेचने की गतिविधि पकड़ी। मौके पर बार संचालक पलाश मल्होत्रा, निवासी आदर्श स्कूल के पीछे, देवेंद्र नगर, रायपुर को शराब बेचते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 750 एमएल की सिमरन ऑफ मिन्टी जामुन अंग्रेजी शराब की एक बोतल बरामद की। इसकी कीमत 1150 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 2300 रुपये नकद भी मिले। इस तरह बरामद शराब और नकदी की कुल कीमत 3450 रुपये बताई गई है।

प्रदेश महासचिव युवक कांग्रेस के पद का प्रत्याशी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बार संचालक पलाश मल्होत्रा पूर्व में उत्तर विधानसभा युवक कांग्रेस का अध्यक्ष रह चुका है। वर्तमान में वह प्रदेश महासचिव युवक कांग्रेस के पद का प्रत्याशी बताया जा रहा है। शुष्क दिवस के दौरान उसके बार से शराब बिक्री का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी इसकी चर्चा शुरू हो गई है।

Updated on:
05 Sept 2026 01:06 pm
Published on:
05 Sept 2026 01:06 pm