
रायपुर@नारद योगी। Cyber Fraud: साइबर ठग हर साल लोगों का झांसा देने का तरीका बदल देते हैं। पिछले 11 माह में 500 से ज्यादा ऑनलाइन ठगी हुई। इसमें मोबाइल हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी ई-चालान, एपीके फाइल और ऑनलाइन ट्रेडिंग से भारी मुनाफा का झांसा दिया गया। ये पैटर्न पिछले दो साल से चल रहे हैं। ई-चालान के नाम पर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। साइबर ठगी से बचाने के लिए पुलिस ने जागरूकता अभियान भी चलाया था। इसके बावजूद कई लोग ठगों के झांसे आ रहे हैं।
जितनी तेजी से साइबर ठगी हो रही है। पुलिस भी केस दर्ज कर रही है, लेकिन साइबर ठगों की उतनी गिरफ्तारी नहीं हो रही है। साइबर ठगी करने वाले अलग-अलग राज्यों से हैं। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम को यूपी, झारखंड, बिहार, नोएडा, दिल्ली, महाराष्ट, आंध्रप्रदेश आदि में अभियान चलाना पड़ेगा।
फर्जी ई-चालान स्कैम - वाहन चालकों को ट्रैफिक चालान के नाम पर फर्जी एसएमएस और लिंक भेजे जा रहे हैं, जिस पर क्लिक करते ही एपीके फाइल डाउनलोड हो जाते हैं। इसके बाद बैंक खाता खाली कर देते हैं।
डिजिटल अरेस्ट - साइबर ठग खुद को सीबीआई, कस्टम या पुलिस अधिकारी बताकर वीडियो कॉल पर लोगों को घंटों 'डिजिटल अरेस्ट' रखते हैं। गिरफ्तारी का डर दिखाकर लाखों रुपए ठगते हैं।
मोबाइल हैकिंग - ई-चालान, लोन दिलाने या छोटे-छोटे रिवॉर्ड पॉइंट्स रिडीम कराने के नाम पर फोन में एपीके फाइल डाउनलोड कराकर या मैलवेयर भेजकर मोबाइल का एक्सेस ले लेते हैं। इसके बाद खाता से रकम आहरण कर देते हैं।
ऑनलाइन ट्रेडिंग फ्रॉड - शेयर बाजार, आईपीओ या क्रिप्टो में रातों-रात भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर फर्जी ट्रेडिंग ऐप्स के जरिए निवेशकों से मोटी रकम ठगी जाती है।