
रायपुर@पीलूराम साहू। Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात ‘अकवान’ का सीधा असर राजधानी रायपुर के मौसम और जनजीवन पर दिखने लगा है। गुरुवार रात करीब 11 बजे शुरू हुई बूंदाबांदी और शुक्रवार को दिनभर छाए घने बादलों के कारण शहर का अधिकतम तापमान एक ही दिन में करीब 5 डिग्री लुढक़कर 23.1डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। मौसम विभाग, स्काईमेट वेदर और एक्यूवेदर के ताजा आंकड़ों के विश्लेषण से साफ है कि तूफान के तट से टकराने के बाद अब असली चुनौती ‘ठंडी हवाओं, नमी और वायरल संक्रमण’ की है।
चक्रवात ‘अकवान’ शुक्रवार दोपहर उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा (गोपालपुर के पास) तट से टकराने के बाद अब कमजोर पड़कर ‘डीप डिप्रेशन’ में बदल रहा है। हालांकि, इसके असर से शनिवार (21 नवंबर) को भी रायपुर समेत 11 जिलों (बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा) में यलो अलर्ट है। 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी है। 23 नवंबर से मौसम साफ होने लगेगा।
स्काईमेट के आंकड़ों के मुताबिक, रायपुर में हवा में नमी का स्तर 62% से बढक़र 89% तक पहुंच रहा है। नमी अधिक होने के कारण बादल छंटने के बाद अगले 48 घंटों में सुबह के समय हल्का कोहरा और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट दर्ज की जाएगी।
एक्यूवेदर के रीयल फील इंडेक्स के अनुसार, बादल और ठंडी हवाओं की वजह से रायपुर में दिन का वास्तविक अहसास वास्तविक तापमान से 2-3 डिग्री कम यानी करीब 20 डिग्री जैसा बना हुआ है, जिससे दिन में ही शाम जैसी ठिठुरन महसूस हो रही है।
दिन का पारा 28.4 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस के पास आने और न्यूनतम पारा 18-20ए ष्ट के बीच रहने से ‘डायर्नल रेंज’ (दिन-रात के तापमान का अंतर) सिमट गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, यह नमी भरी ठंड (कोल्ड-डैम्प वेदर) अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और वायरल बुखार के लिए सबसे संवेदनशील होती है।
चक्रवात की चेतावनी के बीच स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी अस्पतालों और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को 8-सूत्रीय अलर्ट पर रखा है। इसमें निर्बाध ऑक्सीजन सप्लाई, पावर बैकअप (जनरेटर), 108 एंबुलेंस की त्वरित उपलब्धता और निचली बस्तियों में जलभराव होने पर मोबाइल मेडिकल टीम की तैनाती के निर्देश शामिल हैं।
बंगाल की खाड़ी में उठे दो चक्रवात अर्नब व मुरासु ने राजधानी समेत प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। अब ठंड के बीच तीसरे तूफान अकवान ने परेशानी बढ़ा दी है। बेमौसम बारिश, उमस व तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण वायरल फीवर, सर्दी, खांसी व गले में संक्रमण के मरीजों की संख्या काफी बढ़ी है। एम्स, आंबेडकर, जिला व निजी अस्पतालों में पिछले साल की तुलना में डेढ़ लाख से ज्यादा मरीज आने की आशंका है। राजधानी के सरकारी व निजी अस्पतालों में पिछले साल अक्टूबर- नवंबर में मौसमी बीमारी के तीन लाख से ज्यादा मरीजों का इलाज किया गया। इस साल अब तक साढ़े 4 लाख से ज्यादा मरीजों का इलाज किया जा चुका है।
डॉक्टरों के अनुसार, मौसम में अचानक बदलाव वायरल संक्रमण को बढ़ावा देता है। दिन में तेज धूप, फिर बारिश, शाम को ठंडी हवा व बारिश के कारण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता घट जाती है। सामान्य दिनों की तुलना में जनरल मेडिसिन, पीडियाट्रिक, रेस्पिरेटरी विभाग में मरीजों की संख्या दोगुनी तक बढ़ गई है। गले में इंफेक्शन वाले कुछ मरीजों को ईएनटी विभाग भी भेजा जा रहा है। आंबेडकर के तीनों विभागों में रोजाना 800 से मरीजों का इलाज किया जा रहा है। डॉक्टर तीन से 5 दिनों की दवा दे रहे हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि कुछ मरीजों में संक्रमण फेफड़ों तक पहुंचने से निमोनिया व ब्रोंकाइटिस जैसी समस्या भी सामने आ रही है। उन्हें भाप लेने के लिए कहा जा रहा है। वहीं, डेंगू व मलेरिया के संदिग्ध मरीजों की जांच भी बढ़ाई गई है, क्योंकि बारिश के बाद मच्छरों के पनपने की आशंका बढ़ जाती है। डॉक्टरों के अनुसार इस बार मरीजों के आने का पैटर्न भी बदला है। पहले सर्दी शुरू होने पर धीरे-धीरे मरीज बढ़ते थे, लेकिन इस बार दो तूफानों के कारण अचानक संख्या बढ़ी है।
डॉ. योगेंद्र मल्होत्रा, सीनियर प्रोफेसर मेडिसिन आंबेडकर अस्पताल के मुताबिक, इस साल बार-बार बारिश होने के कारण बुखार और संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ी है। लोग बारिश में भीगने से बचें। फ्रिज से निकालकर कोई भी चीज तुरंत न खाएं। खुद से या केमिस्ट की सलाह से दवा लेने के बजाय डॉक्टर की सलाह से दवा लें। इससे स्वास्थ्य में जल्द सुधार होगा।