
Chhattisgarh Weather Update: यदि आप अगले कुछ दिनों में धान बेचने, शादी-समारोह में शामिल होने या बाहर यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर बेहद जरूरी है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के मौसम में 20 नवंबर से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग रायपुर, एक्यूवेदर और स्काईमेट वेदर के अनुसार, 19 नवंबर तक मौसम साफ और शुष्क रहेगा, लेकिन 20 से 23 नवंबर के बीच बादल छाने, तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
18 और 19 नवंबर (अगले 48 घंटे): आसमान साफ रहेगा और गुलाबी ठंड बनी रहेगी। दिन का तापमान 30 से 31 डिग्री और रात का तापमान 16 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। किसी भी जरूरी बाहरी काम को निपटाने के लिए यह सबसे बेहतर समय है।
20 से 22 नवंबर (बारिश और ठंडक का दौर): दक्षिण और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के असर से 20 नवंबर को रायपुर में बादल छाएंगे और 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 21 नवंबर को दिन का तापमान गिरकर 25.5 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है, जबकि 22 नवंबर को बारिश की संभावना 65 प्रतिशत तक जताई गई है। इस दौरान रात का पारा बढ़कर 19-20 डिग्री होने से हल्की उमस महसूस होगी।
23 नवंबर के बाद (फिर बढ़ेगी ठंड): सिस्टम का असर कम होते ही आसमान साफ होगा और रात का तापमान तेजी से लुढ़ककर 13 से 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
बंगाल की खाड़ी में उठ रहे चक्रवात अकवान के असर से प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी की गति से हवाएं भी चलेंगी। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। बारिश से व बाद में ठंड बढ़ने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी में 3 सप्ताह के भीतर तीसरा चक्रवात अकवान बनने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार ऐसा 13 साल बाद हो रहा है, जब 25 से कम दिन में खाड़ी में तीसरा चक्रवात आ रहा हो। इससे पहले 2013 में 19 नवंबर को हेलेन, 23 नवंबर को लहर व 6 दिसंबर को माडी तूफान खाड़ी में बने थे। इससे पहले उसी साल अक्टूबर में इसी खाड़ी में फाइलिन तूफान भी आया था।
यानी अक्टूबर से दिसंबर के बीच कुल चार तूफान बने थे। हाल में अर्नब व मुरासु तूफान आया था। हालांकि अर्नब से प्रदेश में ज्यादा नुकसान हुआ था। धान कटाई व खरीदी शुरू, बढ़ेगी परेशानी प्रदेश में धान कटाई शुरू हो चुकी है। यही नहीं 15 नवंबर से धान खरीदी भी चल रही है। बारिश होने से धान कटाई से लेकर खरीदी प्रभावित होगी।