रायपुर

भारतमाला प्रोजेक्ट की डेडलाइन बढ़ी, कुम्हारी टोल बंद होने की तारीख फिर टली, जानिए वजह

Bharatmala Project Deadline: रायपुर-दुर्ग मार्ग पर स्थित कुम्हारी टोल प्लाजा से राहत का इंतजार फिलहाल और लंबा हो गया है। भारतमाला परियोजना की समयसीमा बढ़ने के कारण टोल प्लाजा बंद होने की तारीख फिर टल गई है।
2 min read
Jul 20, 2026
Chhattisgarh News
भारतमाला प्रोजेक्ट की डेडलाइन बढ़ी (फोटो सोर्स- पत्रिका)

रायपुर@अजय रघुवंशी।Bharatmala Project: राजधानी से दुर्ग-भिलाई को जोड़ने वाले कुम्हारी टोल प्लाजा से छुटकारे का इंतजार एक बार फिर बढ़ गया है। भारतमाला परियोजना के तहत चल रहे प्रमुख प्रोजेक्ट अब तय समय से करीब एक साल पीछे खिसक गए हैं। ऐसे में जून 2026 तक कुम्हारी टोल प्लाजा को खत्म करने का दावा भी अब पूरा होता नजर नहीं आ रहा है।

दरअसल, दुर्ग-आरंग बायपास का काम इसी साल के अंत तक पूरा होने की संभावना जताई जा रही थी। जिसके बाद कुम्हारी टोल प्लाजा को इसी परियोजना में शामिल किया जाना है। लेकिन प्रोजेक्ट की समयसीमा आगे बढ़ने से टोल प्लाजा के बंद होने का इंतजार भी बढ़ गया है। इसी तरह रायपुर-विशाखापट्नम इकोनॉमिक कॉरिडोर का काम भी अब मार्च 2027 तक पूरा होने की संभावना है।

भारतमाला के तहत प्रदेश में चल रहे कई प्रोजेक्ट में अंडरपास, पुल और अन्य निर्माण कार्यों की लंबाई बढ़ने से काम में देरी हुई है। एनएचएआई अधिकारियों के मुताबिक, परियोजनाओं में डिजाइन और निर्माण से जुड़े बदलावों के कारण काम की समयसीमा बढ़ी है। इसका सीधा असर वाहन चालकों पर पड़ रहा है।

दिल्ली में अटका तीन फ्लाईओवर का प्लान

राजधानी के तीन अलग-अलग फ्लाईओवर के अप्रूवल का प्रोजेक्ट नईदिल्ली में अटका हुआ है। बीते दिनों लोक निर्माण विभाग के सचिव ने एनएचएआई द्वारा प्रस्तावित तेलीबांधा चौक, उद्योग भवन चौक और सरोना चौक में फ्लाईओवर के निर्माण कार्यों के बारे में एनएचएआई के अधिकारियों से सवाल-जवाब किया था।

राज्य सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित भूमि अधिग्रहण और वन-व्यपवर्तन के लंबित मामलों की जानकारी उच्च कार्यालयों को देने के निर्देश दिए हैं, जिससे कि इनके जल्द निराकरण की कार्यवाही उच्च स्तर पर की जा सके।

ब्लैक स्पॉट्स खत्म करने की कवायद

नई सड़क के शुरू होने के पहले एनएचएआई की सड़कों पर ब्लैक स्पॉट्स न रहे या इसे खत्म करने को लेकर भी कवायद जारी है। अधिकारियों के मुताबिक इकोनॉमिक कॉरीडोर में किसी भी स्थान पर ब्लैक स्पॉट्स की गुंजाइश नहीं होगी। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों के मानकों के मुताबिक ब्रेकर, कनेक्टिंग रोड, डिवाइडर, रिफ्लेक्टर आदि के निर्माण के निर्देश दिए गए हैं।

इसलिए आगे बढ़ा प्रोजेक्ट

  1. दुर्ग-आरंग बॉयपास- शिवनाथ नदी में पुल की लंबाई बढ़ाई गई
  2. व्हीकल अंडरपास में बढ़ोतरी
  3. केशकाल घाटी बायपास में सड़क के साथ ही दो बड़े पुलों का निर्माण
  4. एनएचएआई के साथ राज्य की कनेक्टिंग सड़कों को जोड़ने का प्लान
  5. अधिग्रहण संबंधी मामले

भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे और दुर्ग-आरंग बायपास मार्ग के काम अगले वर्ष मार्च तक पूरे कर लिए जाएंगे। भारतमाला परियोजना के तहत ही निर्माणाधीन रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरीडोर का काम भी तेज गति से चल रहा है। - आलोक कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी, एनएचएआई, रायपुर

Updated on:
20 Jul 2026 06:40 am
Published on:
20 Jul 2026 06:40 am