रायपुर

Heritage of Chhattisgarh: दिल्ली के युवा जानेंगे छत्तीसगढ़ की विरासत, भोरमदेव से बीएसपी तक करेंगे सफर

Chhattisgarh Culture: दिल्ली के विभिन्न जिलों और शैक्षणिक संस्थानों से कुल 45 युवा प्रतिनिधियों का चयन किया गया है, जिसमें लैंगिक समानता का विशेष ध्यान रखते हुए 24 महिला और 21 पुरुष प्रतिभागियों को शामिल किया गया है।

2 min read
May 26, 2026
दिल्ली के युवा जानेंगे छत्तीसगढ़ की विरासत (Photo Patrika)

Heritage of Chhattisgarh: देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधताओं को करीब से जानने और युवाओं में आपसी जुड़ाव बढ़ाने के उद्देश्य से दिल्ली के युवाओं की एक टीम छत्तीसगढ़ के दौरे पर रवाना हो रही है। शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित एक भारत श्रेष्ठ भारत के अंतर्गत युवा संगम अभियान के तहत इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष दौरे के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली ने सोमवार को एक ओरिएंटेशन और फ्लैग-ऑफ समारोह का आयोजन कर युवा प्रतिनिधिमंडल को रवाना किया।

ये भी पढ़ें

Nautapa ने दिखाए तेवर! भीषण गर्मी से तपा छत्तीसगढ़, IMD ने किया Alert जारी, इन जिलों में हो सकती है बारिश

Heritage of Chhattisgarh: आईआईटी भिलाई करेगी मेजबानी

छत्तीसगढ़ में इस 45 सदस्यीय टीम की मेजबानी आईआईटी भिलाई द्वारा की जाएगी। दिल्ली आईआईटी में आयोजित फ्लैग-ऑफ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय (उच्च शिक्षा विभाग) के संयुक्त सचिव गोविंद जायसवाल उपस्थित रहे। वहीं, आईआईटी दिल्ली का प्रतिनिधित्व संस्थान के उप निदेशक (संचालन) प्रो. अरविंद के. नेमा ने किया। समारोह को संबोधित करते हुए संयुक्त सचिव गोविंद जायसवाल ने युवाओं को राष्ट्र का भविष्य बताया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्रालय के सलाहकार सुरेंद्र टी. नाइक भी मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम की शुरुआत डिज़ाइन विभाग के प्रो. सौरभ तिवारी ने की।

45 युवाओं की टीम में 24 महिलाएं शामिल

युवा संगम के इस चरण में दिल्ली के विभिन्न जिलों और शैक्षणिक संस्थानों से कुल 45 युवा प्रतिनिधियों का चयन किया गया है, जिसमें लैंगिक समानता का विशेष ध्यान रखते हुए 24 महिला और 21 पुरुष प्रतिभागियों को शामिल किया गया है। यह दल छत्तीसगढ़ में लगभग एक सप्ताह का समय बिताएगा, जहां आईआईटी भिलाई इनके ठहरने, सीखने और भ्रमण की पूरी व्यवस्था संभाल रहा है।

पुरखौती मुक्तांगन का भी करेंगे भ्रमण

आईआईटी भिलाई ने दिल्ली के युवाओं के लिए एक ऐसा समग्र कार्यक्रम (शेड्यूल) तैयार किया है, जिससे वे छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक, औद्योगिक और जनजातीय ताने-बाने को गहराई से समझ सकें। युवा प्रतिनिधिमंडल छत्तीसगढ़ के खजुराहो कहे जाने वाले भोरमदेव मंदिर, प्रयाग माने जाने वाले राजिम, ऐतिहासिक नगरी सिरपुर के साथ-साथ रानीदहरा जलप्रपात और सरोदा बांध का दीदार करेगा। युवाओं को देश के प्रमुख औद्योगिक गौरव भिलाई स्टील प्लांट की कार्यप्रणाली को लाइव देखने का मौका मिलेगा। इसके अलावा वे छत्तीसगढ़ क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र और राज्य की समृद्ध आदिवासी परंपराओं को समझने के लिए युवा टीम छत्तीसगढ़ जनजातीय संग्रहालय और ओपन-एयर म्यूजियम पुरखौती मुक्तांगन जाएगी।

साय ने दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता से की मुलाकात

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान सोमवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से उनके निवास पर मुलाकात की। दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच हुई इस उच्च स्तरीय बैठक में जनहित, सुशासन और दोनों राज्यों के बीच रणनीतिक साझेदारी को लेकर व्यापक चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान सीएम विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ में संचालित हो रही जनकल्याणकारी योजनाओं, अधोसंरचना विकास और सुशासन के कदमों की जानकारी साझा की। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि देश के समग्र विकास में राज्यों का आपसी समन्वय और सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।

बैठक में तय किया गया कि छत्तीसगढ़ और दिल्ली प्रशासन एक-दूसरे के राज्यों की बेस्ट प्रैक्टिसेज को साझा करेंगे और उनका क्रियान्वयन करेंगे। इसके साथ ही दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच शहरी विकास, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार और नागरिक केंद्रित सेवाओं में सुधार के लिए विभिन्न विकास प्रोजेक्ट्स पर सहभागिता करने पर गंभीर चर्चा हुई। इस मुलाकात को दोनों राज्यों के बीच प्रशासनिक और विकासमूलक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Published on:
26 May 2026 11:19 am
Also Read
View All