रायपुर

बंद कमरे में फूटा मेयर का गुस्सा! रायपुर निगम आयुक्त से बोलीं- कार्रवाई की सूचना क्यों नहीं दी जाती है?

Raipur News: पंडरी स्थित प्रकाश होलसेल और सुभाष स्टेडियम की लाइट काटने के मुद्दे पर नगर निगम मुख्यालय का माहौल गरमा गया है। महापौर मीनल चौबे दर्जनभर से अधिक पार्षदों के साथ आयुक्त से चर्चा की..
2 min read
Jul 14, 2026
Raipur News, raipur Nagar nigam news
रायपुर नगर निगम मेयर मीनल चौबे ( File Photo - Patrika )

Raipur Meyor Minal chaubey: थोक कपड़ा बाजार पंडरी में प्रकाश होलसेल के अवैध कब्जों और सुभाष स्टेडियम की दुकानों की लाइटें बिना सूचना काटने का मुद्दा गरमा गया है। कार्रवाई रुकवाने या फिर किए जाने की सूचना महापौर और संबंधित वार्ड पार्षदों को नहीं जाने को लेकर निगम आयुक्त से ठन गई है। महापौर मीनल चौबे दर्जनभर से अधिक पार्षदों के साथ आयुक्त संबित मिश्रा से चर्चा करने उनके कक्ष में पहुंचीं। प्रकाश होलसेल पांच दिनों का समय देने को लेकर वह नाराज थीं। उन्होंने आयुक्त से पूछा कि किसी भी कार्रवाई की सूचना क्यों नहीं दी जाती है? बंद कमरे में काफी देर चली चर्चा के दौरान आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि आगे जो भी कार्रवाई होगी, उसकी सूचना दी जाएगी।

Raipur News: मेयर के साथ पार्षद पहुंचे निगम आयुक्त से सवाल करने

बता दें कि निगम के विशेष सामान्य सभा में मनमानी कार्यशैली और अफसरशाही पर पार्षदों ने जमकर भड़ास निकाला था। यह दूसरी बार है, जब महापौर के साथ पार्षद निगम आयुक्त से सीधे सवाल-जवाब करने पहुंचे। थोक कपड़ा बाजार में प्रकाश होलसेल के अवैध कब्जों की कार्रवाई रुकवा दी गई। सुभाष स्टेडियम की बिना सूचना बिजली काट दी गई। इसकी किसी तरह की सूचना महापौर तक को नहीं दी गई। ऐसी कार्यप्रणाली से महापौर नाराज थीं। पार्षदों ने भी कहा कि उनके वार्ड की किसी भी कार्रवाई की सूचना नहीं दी जाती है। महापौर ने आयुक्त से आपसी समन्वय से हर कार्य करने का सुझाव दिया। यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं कब्जा हटाने के लिए एक-दो दिन का समय पार्षदों के माध्यम से मांगता है तो समय क्यों नहीं दिया जाता है।

आयुक्त ने भी याद दिलाई सामान्य सभा की बातें

पार्षदों के लगातार सवालों पर आयुक्त संबित मिश्रा ने भी नाराजगी का इजहार कर दिया। उन्होंने कहा, वह सात से आठ घंटे तक सामान्य सभा में बैठे रहे। परंतु पार्षदों द्वारा क्या-क्या बातें नहीं कही गईं। जनप्रतिनिधि का सम्मान है, परंतु उनके रिस्पेक्ट का कोई ध्यान नहीं रखा गया। पार्षदों द्वारा निगम प्रशासन को लेकर जिस तरह के शब्दों का उपयोग किया गया, वह उचित नहीं था।

कार्रवाई रोकी नहीं है, पार्षदों को समझा दिया हूं : आयुक्त

Raiur News: आयुक्त संबित मिश्रा ने कहा कि महापौर और पार्षद चर्चा करने आए थे। इसमें खींचतान जैसी कोई बात नहीं है। प्रकाश होलसेल के कब्जों पर कार्रवाई रोकी नहीं गई है, बल्कि जारी है। ऐसी सभी जगहों के अवैध कब्जों को तोड़ा जाएगा। पार्षदों को बता दिया है कि कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। किसी भी अवैध कार्य को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा जैसी कोई बात नहीं है। प्रकाश होलसेल के दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

किसी निर्णय या कार्रवाई की सूचना नहीं देना ठीक नहीं

मेयर मीनल चौबे ने कहा कि यदि मैं किसी समस्या वाली जगह पर गई हूं और वहां अवैध कब्जा या कोई कार्य कराने निर्देशित कर रही हूं तो उसका पालन होना चाहिए। अधिकारी कोई कार्रवाई या निर्णय लेते हैं तो उसकी जानकारी महापौर को तो होनी ही चाहिए। प्रकाश होलसेल, सुभाष स्टेडियम की बिजली काटने समेत कई मुद्दों पर आयुक्त के साथ चर्चा हुई है। पार्षदों की भी शिकायत थी कि उन्हें सूचना नहीं दी जाती है। आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि आगे की कार्रवाई की पूरी जानकारी देंगे।

Updated on:
14 Jul 2026 10:16 am
Published on:
14 Jul 2026 10:16 am