रायपुर

Diwali 2023: धनतेरस आज, बाजार में बरसेगा धन…पर्व का संयोग दो दिन, यानी दो दिन कर सकेंगे खरीदी

CG News: कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि का संयोग इस बार दो दिन यानी 10 व 11 नवंबर को रहेगा।

3 min read
Nov 10, 2023
Diwali 2023: धनतेरस आज, बाजार में बरसेगा धन...पर्व का संयोग दो दिन, यानी दो दिन कर सकेंगे खरीदी

बिलासपुर। CG News: कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि का संयोग इस बार दो दिन यानी 10 व 11 नवंबर को रहेगा। पर्व पर नवीन वस्तुओं की खरीदी कई गुना फलदाई व शुभ मानी जाती है, यही वजह है कि शुक्रवार व शनिवार दोनों दिन सोने-चांदी के जेवर, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स के साथ ही जमीन-मकान की जमकर खरीदी होगी। व्यापारियों के मुताबिक इस शुभ अवसर पर इस बार सभी सेगमेंट मिला कर करोड़ों के कारोबार का अनुमान है।

ज्योतिष एवं वास्तुविद पंडित नूतन शर्मा के अनुसार पर्व को भगवान धनवंतरी जयंती के रूप में भी जाना जाता है। इस पर्व को आयुर्वेद के प्रणेता भगवान धनवंतरी के जन्मोत्सव के रूप में भी मनाते हैं। ऐसी मान्यता है कि इस तिथि पर भगवान धनवंतरी अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। पर्व पर प्रदोष काल यानी शाम को घर के द्वार पर 13 दीप प्रज्ज्वलित करने का विधान है। इस दिन धन देवी मां लक्ष्मी व धन संरक्षक कुबेर की पूजा की जाती है। दीपावली पूजन की शुरुआत इसी दिन से हो जाती है। इस दिन सोने-चांदी के आभूषण के साथ बर्तन, वाहन, इलेक्ट्रानिक आइटम्स की खरीदी के लिए श्रद्धालुओं को साल भर इंतजार रहता है। इससे इस नक्षत्र की महत्ता कई गुना ज्यादा रहेगी।

घरों से बाजार तक उत्साह, रोशनी से जगमग होने लगा शहर

उजास के पर्व दीपोत्सव की शुरुआत शुक्रवार को धन तेरस के साथ होगी। उत्साह, उमंग, सुख-समृद्धि, ऐश्वर्य के इस महापर्व की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। बाजारों में देर रात तक खरीदारी चल रही है, तो घरों में भी मां लक्ष्मी के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की जा रही है। दीपोत्सव के पूर्व ही शहर रोशनी से जगमग नजर आने लगा है। शहर की प्रमुख इमारतों पर भी आकर्षक विद्युत साज सज्जा की गई है। इस बाद दीपोत्सव छह दिवसीय रहेगा, दरअसल इस बार अमावस्या तिथि दो दिन होने से दिवाली के एक दिन बाद गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाएगा। ऐसे में 10 नवम्बर धनतेरस से 15 नवम्बर भाई दूज तक इस पर्व की रौनक छाई रहेगी। वहीं पंडितों का कहना है कि चार साल बाद कार्तिक माह में सोमवती अमावस्या का संयोग बना है।

10 नवंबर- धनतेरस पर धनवंतरि पूजा

11 नवंबर-रूप चौदस, सौंदर्य का दिन

12 नवंबर-दीपावली पर मां महालक्ष्मी की पूजा होगी। इस दिन घर-घर में सुख, समृद्धि, वैभव की देवी मां लक्ष्मी की पूजा अर्चना की जाएगी।

13 नवंबर- सोमवती अमावस्या

14 नवंबर-गोवर्धन पूजा- घरों के बाहर आंगन में गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर पूजा अर्चना की जाएगी।

15 नवंबर-भाई दूज- बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाएंगी और आयुष्य व आरोग्य के लिए कामना करेंगी।

कपड़ा और बर्तन की होगी जमकर खरीदी...

दिवाली पर नए कपड़े न पहने जाएं तो पर्व का उत्साह ठंडा रहता है। यही वजह है कि बच्चे, युवा, बुजुर्ग सभी कपड़ों की खरीदी में जुटे हुए हैं। महिलाएं व युवतियां जहां साड़ी, सलवार सूट, टॉप जींस खरीद रहीं, वहीं बुजुर्ग धोती-कुर्ता, पाजामा। युवा वर्ग ज्यादातर जींस, टीशर्ट ले रहा है। व्यापारियों के मुताबिक धनतेरस पर करीब 15 करोड़ के कपड़े का कारोबार होगा। इसी तरह पर्व पर बर्तन लेने की परंपरा है। बर्तन व्यापारियों के अनुसार 8 से 10 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है।

इलेक्ट्रॉनिक बाजार में बढ़ी रौनक
इलेक्ट्रॉनिक बाजार में पुष्य नक्षत्र से ही बूम है। धनतेरस पर तो जमकर खरीदी की उम्मीद व्यापारी जता रहे हैं। एलईडी टीवी, फ्रीज, कूलर, एसी सब की बढ़चढ़ कर खरीदी हो रही है। इसमें एलईडी टीवी की सबसे ज्यादा डिमांड है। उसमें भी 50 इंच से ज्यादा बड़ी एलईडी टीवी बिक रही हैं। इधर नतेरस पर इस बार करीब 50 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है।

Published on:
10 Nov 2023 11:07 am
Also Read
View All