
Raipur: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर को शाम 7 बजे दीया जलाएं। सीएम साय ने राजधानी रायपुर स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में 12 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सभी लोग अपने घर में एक दीप जलाकर प्रधानमंत्री को अपना आशीर्वाद प्रदान करें।
सीएम साय ने बताया कि आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, महिला स्वसहायता समूहों की दीदियों तथा प्रधानमंत्री आवास हितग्राहियों की विशेष भागीदारी रहेगी। लगभग 25 हजार शिक्षण संस्थानों और 50 लाख विद्यार्थियों की भागीदारी का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि जनसेवा के लिए समर्पित पीएम नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन में 25 साल का कार्यकाल सुशासन, संकल्प और नतीजों का सफ़र रहा है। यह सेवा संकल्प अभियान उन करोड़ों परिवारों की ओर से आभार व्यक्त करने का एक ज़रिया है, जिनके जीवन में प्रधानमंत्री की योजनाओं से सकारात्मक बदलाव आया है।