Chhattisgarh BJP: छत्तीसगढ़ में जिला अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हो गई है। इसके बाद अब माना जा रहा है कि राज्य में जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा हो सकती है। फिलहाल किरण सिंहदेव बीजेपी अध्यक्ष हैं।
Chhattisgarh BJP: भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपने जिलाध्यक्षों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें राजनांदगांव और कवर्धा जिले को छोड़कर 19 जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।
पहली बार भाजपा ने बिलासपुर जिले को शहर और ग्रामीण दो भागों में बांट दिया है। बिलासपुर शहर की जिम्मेदारी जिला कार्यसमिति के सदस्य दीपक सिंह ठाकुर को दी गई है। बिलासपुर ग्रामीण की कमान मोहित जायसवाल संभालेंगे। वे बिलासपुर के महामंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
संगठन चुनाव की प्रक्रिया बूथ, मंडल, जिला स्तर पर पूरी हो गई है। अब 10 जनवरी तक प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा। प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख ने जिलाध्यक्षों की नियुक्ति केन्द्रीय नेतृत्व की अनुमति से की है। सभी जगह निर्विरोध चुनाव हुए हैं।
भाजपा ने संगठन चुनाव में चार जिलाध्यक्षों को दोबारा मौका दिया है। रविवार को जारी सूची में दो जिलाध्यक्षों को फिर से संगठन की जिम्मेदारी दी गई थी। सोमवार को धमतरी और सुकमा जिले के अध्यक्षों को फिर से मौका दिया गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का चेहरा 10 जनवरी तक साफ हो सकता है। इस बीच चर्चा है कि भाजपा अपने प्रदेश अध्यक्ष किरण देव को बदल सकती है। यदि ऐसा होता है, तो इसका असर मंत्रिमंडल में भी दिखाई देगा। संगठन के बाद उन्हें सरकार के मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इस स्थिति में भाजपा किसी ओबीसी वर्ग के नेता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप सकती है।
इस बार भाजपा ने महिलाओं पर भरोसा जताया है। सोमवार को जारी सूची में तीन जिलों की कमान महिलाओं को दी गई है। इससे पहले रविवार को एक जिले में महिला को जिलाध्यक्ष बनाया था। बता दें कि पिछली बार जिलों में केवल एक महिला रुपकुमारी चौधरी को ही जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थीं।
बेमेतरा - अजय साहू
बिलासपुर शहर - दीपक सिंह ठाकुर
बिलासपुर ग्रामीण - मोहित जायसवाल
सरगुजा - भारत सिंह सिसोदिया
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर - चंपादेवी पावले
कोरिया - देवेंद्र तिवारी
कोंडागांव - सेवकराम नेताम
खैरागढ़ - डॉ. बिसेसर साहू
धमतरी - प्रकाश बैस
महासमुंद - येतराम साहू
बलौदाबाजार - आनंद यादव
सुकमा - धनीराम बारसे
दंतेवाड़ा - संतोष गुप्ता
नारायणपुर - संध्या पवार
बस्तरवेद - प्रकाश पांडे
सक्ती - टिकेस्वर गबेल
सारंगगढ़-बिलाईगढ़ - ज्योति पटेल
जांजगीर-चांपा - अंबेश जांगड़े
गरियाबंद - अनिल चंद्राकर