रायपुर

Exclusive: रूपकुमारी चौधरी का बड़ा प्लान, महिलाओं और युवतियों तक कैसे पहुंचेगी भाजपा महिला मोर्चा?

BJP Mahila Morcha President: भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने पत्रिका से खास बातचीत में जेन-जी, रोजगार और सोशल मीडिया को लेकर महिला मोर्चा की नई रणनीति बताई।
2 min read
Aug 20, 2026
Rupkumari Chaudhary
भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा की नई अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ( Photo - Patrika )

रायपुर@संतराम साहू। Rupkumari Chaudhary Interview: भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ की सांसद रूपकुमारी चौधरी को राष्ट्रीय महिला मोर्चा की नई अध्यक्ष नियुक्त कर संगठन में छत्तीसगढ़ की राजनीतिक सक्रियता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दी है। नई जिम्मेदारी के साथ रूपकुमारी चौधरी के सामने महिला मोर्चा को बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की चुनौती होगी। साथ ही जेन-जी लड़कियों को किस प्रकार से महिला मोर्चा से जोड़ेंगी, इस पर भी अपनी राय रखी। पत्रिका ने इन्ही सब मुद्दों को लेकर उनका इंटरव्यू किया। प्रस्तुत है-

सवाल: भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद आपकी सबसे पहली प्राथमिकता क्या होगी?

रूपकुमारी चौधरी: मेरी प्राथमिकता पूरी प्लानिंग और स्पष्ट कार्ययोजना के साथ महिला मोर्चा को ग्राउंड लेवल तक सक्रिय करना है। देशभर में संगठन की महिला कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय कर ऐसी रणनीति बनाई जाएगी, जिससे केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंच सके। हमारा प्रयास केवल कार्यक्रमों तक सीमित रहने का नहीं, बल्कि महिलाओं से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान की दिशा में काम करने का होगा।

सवाल: आज की जेन-जी लड़कियां पारंपरिक राजनीति से अलग सोच रखती हैं। उनसे जुड़ने के लिए महिला मोर्चा क्या रणनीति अपनाएगा?

रूपकुमारी चौधरी: जेन-जी हमारी युवा शक्ति है। हम उनके पास जाएंगे, उनसे संवाद करेंगे और उनकी बातें सुनेंगे। युवा लड़कियों की शिक्षा, रोजगार, कॅरियर, स्टार्टअप, डिजिटल दुनिया और सुरक्षा जैसे विषयों को समझना जरूरी है। मेरा मानना है कि युवतियों को केवल भाषण देने के बजाय उनकी बात सुनकर उनके साथ संवाद स्थापित करना अधिक प्रभावी होगा।

सवाल: सोशल मीडिया पर युवाओं के बीच बढ़ती भटकाव की स्थिति को आप किस तरह देखती हैं?

रूपकुमारी चौधरी : सोशल मीडिया अपने आप में बहुत प्रभावशाली माध्यम है, लेकिन उसका सही उपयोग जरूरी है। जो युवा भटक रहे हैं, उनसे संपर्क और संवाद स्थापित करना हमारी प्राथमिकता होगी। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा युवाओं के लिए चलाए जा रहे रोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, स्टार्टअप और आत्मनिर्भरता से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। हमारा प्रयास रहेगा कि युवा नकारात्मकता से दूर होकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं।

सवाल: देशभर की महिलाओं तक भाजपा महिला मोर्चा की पहुंच बढ़ाने के लिए क्या विशेष योजना होगी?

रूपकुमारी चौधरी: इसके लिए विशेष रणनीति तैयार की जाएगी। देश के अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों में महिलाओं की जरूरतें अलग-अलग हैं, इसलिए एक जैसी कार्ययोजना के बजाय स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार काम करना होगा। महिला कार्यकर्ताओं को भी अधिक जिम्मेदारी और नेतृत्व के अवसर दिए जाएंगे। गांव से लेकर शहर तक महिलाओं से सीधा संपर्क हमारी कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा।

सवाल : महिलाओं के राजनीतिक और सामाजिक सशक्तीकरण को लेकर आपका व्यक्तिगत संदेश क्या है?

रूपकुमारी चौधरी: महिलाओं में अपार क्षमता है। उन्हें अवसर और सही मंच मिले तो वे अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर सकती हैं। आज महिलाएं राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, विज्ञान, खेल, उद्योग और सामाजिक क्षेत्र हर जगह अपनी पहचान बना रही हैं। मेरा संदेश है कि महिलाएं अपनी क्षमता को पहचानें, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। महिला मोर्चा का प्रयास रहेगा कि देश की हर महिला तक यह विश्वास पहुंचे कि अवसर मिलने पर वह नेतृत्व कर सकती है और बदलाव की मजबूत वाहक बन सकती है।

Updated on:
20 Aug 2026 11:27 am
Published on:
20 Aug 2026 11:24 am