रायपुर

रेलवे और प्रॉपर्टी के नाम से आ रहे फर्जी ऐप, डाउनलोड करते ही बैंक खाते से उड़ रहे लाखों रुपए, ऐसे बचें

Fake App Cyber Fraud: साइबर ठग अब रेलवे और प्रॉपर्टी के नाम पर फर्जी मोबाइल ऐप बनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। WhatsApp पर ऐप डाउनलोड करवाकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करते हैं और फिर बैंक खातों से लाखों रुपए पार कर रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 10:06 AM IST
Cyber fraud on WhatsApp
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Chatgpt)

रायपुर@नारद योगी। Cyber Fraud: साइबर ठग फर्जी मोबाइल ऐप बनाकर लोगों को ऑनलाइन ठग रहे हैं। आम लोगों के जरूरत से जुड़ी चीजों के नाम से ऐप बनाकर मोबाइल में इंस्टाल करवाते हैं। इसके बाद उनके मोबाइल का एक्सेस लेकर उनके बैंक खाते खाली कर रहे हैं। डीडी नगर थाना क्षेत्र में पैरालाइज्ड रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी और एक गृहणी को साइबर ठगों ने इसी तरीके से ठग लिया। उनके बैंक खाते खाली कर दिए। मामले की शिकायत पर डीडी नगर पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों का अब तक पता नहीं चल पाया है।

रेलवे के नाम से ऐप

राजू दामोदर जोल्दे रेलवे से करीब सालभर पहले रिटायर हुए हैं। उनके मोबाइल में अज्ञात नंबर से वाट्सऐप मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने खुद को डीआरएम ऑफिस का कर्मचारी बताया। इसके बाद उसने वाट्सऐप कॉल किया और बताया कि रेलवे कर्मचारी के रिटायर होने के एक साल बाद पीपीओ नंबर रिवाइस करना पड़ता है। बातचीत करने पर उसने बताया कि इसके लिए एचआरएमएस रेलवे ऐप और डीओबी वर्ल्ड ऐप डाउनलोड करना पड़ेगा। इसके लिए दूसरा वाट्सऐप नंबर बताओ, जिससे वह गाइड कर सके।

इसके बाद राजू की पत्नी श्रद्धा ने अपनी बेटी का नंबर दिया। इसके बाद ठग ने उसमें वाट्सऐप वीडियो कॉल किया और राजू के मोबाइल पर ऐप डाउनलोड करवाने लगा। इस दौरान श्रद्धा की बेटी को कुछ शक हुआ, तो उन्होंने कॉल काट दिया। इसके बाद राजू के बैंक खाते से 11 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक किस्तों में कुल 7 लाख 49 हजार 784 रुपए निकाल लिया गया।

प्रापर्टी के नाम से ऐप

सुंदर नगर निवासी कमल नारायण शर्मा रायपुर विकास प्राधिकरण में विधिक सहायक के पद पर हैं। उनके पास अज्ञात व्यक्ति ने कॉल किया और पूछा कि क्या आप प्रापर्टी देख रहे हैं? कमल ने कहा कि हां। इसके बाद उसने वाट्सऐप में वीआईपी सिटी के नाम से ऐप भेजा और कहा कि इसे डाउनलोड कर लीजिए। इसमें अच्छी प्रापर्टी है। इसके बाद कमल ने ऐप को डाउनलोड किया। डाउनलोड करते ही ऐप हट गया। इसके बाद उसने कुछ और सामान्य वाट्सऐप मैसेज भेजा। इसके कुछ दिन बाद कमल अपने बैंक खाता चेक किए, तो उनके खाते से अज्ञात लोगों ने 15 बार में 2 लाख 40 हजार 881 रुपए का आहरण कर लिया था।

आरोपियों का पता नहीं चला

ऑनलाइन ठगी के दोनों मामले में पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ठगी करने वालों का कुछ पता नहीं चल पाया है, जिन मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल ठगी में किया गया था। पुलिस उन मोबाइल नंबर और बैंक खाता की जांच कर रही है।

साइबर ठगी से ऐसे बचें- डॉक्टर नरेश पटेल, एसीपी, साइबर एंड क्राइम

  • किसी भी ऐप को हमेशा गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें। किसी अनजान लिंक या थर्ड-पार्टी वेबसाइट से मिलने वाली एपीके फाइल कभी इंस्टॉल न करें।
  • ऐप इंस्टॉल करते समय उसकी परमिशन की जांच करें। यदि कोई सामान्य ऐप आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट, फोटो, मैसेज या बैंक विवरण की अनुमति मांगता है, तो सतर्क हो जाएं।
  • रेलवे टिकट, सस्ती प्रॉपर्टी या भारी मुनाफे का लालच देने वाले मैसेज और लुभावने विज्ञापनों से हमेशा दूर रहें। हमेशा आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग करें।
  • अपना यूपीआई पिन, पासवर्ड या बैंक खाता विवरण किसी के साथ भी फोन या चैट पर साझा न करें।

ठगी होने पर यह करेंं

ऑनलाइन ठगी हो जाए, तो घबराएं नहीं बल्कि तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 सूचना दें। आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। जितनी जल्दी शिकायत दर्ज होगी, उतनी जल्दी बैंक खातों को फ्रीज कराने की संभावना बढ़ जाती है।

Updated on:
16 Nov 2026, 10:06 AM IST
Published on: