रायपुर

Flight Diverted: रायपुर से मुंबई के लिए निकली फ्लाइट हैदराबाद पहुंची, ख़राब मौसम बनी वजह, यात्रियों को 4 घंटे की देरी

Raipur-Mumbai Flight: भारी बारिश और लो-विजिबिलिटी के कारण रायपुर से मुंबई जा रही इंडिगो फ्लाइट को हैदराबाद डायवर्ट करना पड़ा। विमान 4 घंटे की देरी से मुंबई पहुंचा।
2 min read
Jul 07, 2026
Raipur-Mumbai Flight Diverted
इंडिगो फ्लाइट (Photo Patrika)

Raipur-Mumbai Flight Diverted: मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और रनवे पर कम दृश्यता (लो-विजिबिलिटी) का असर अब हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखाई दे रहा है। खराब मौसम के कारण रायपुर से मुंबई जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट को बीच रास्ते हैदराबाद डायवर्ट करना पड़ा। इस वजह से यात्रियों को करीब चार घंटे की देरी का सामना करना पड़ा। रायपुर से मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट निर्धारित समय से लगभग एक घंटे की देरी से सुबह 10:45 बजे रवाना हुई थी। हालांकि, मुंबई एयरपोर्ट पर लगातार खराब मौसम और लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के कारण विमान को दोपहर 1:55 बजे हैदराबाद एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा।

मौसम साफ होने के बाद मुंबई के लिए भरी उड़ान

हैदराबाद एयरपोर्ट पर कुछ समय तक रुकने के बाद मौसम में सुधार होने पर विमान ने दोपहर 3:00 बजे फिर से मुंबई के लिए उड़ान भरी। इसके बाद फ्लाइट शाम 4:45 बजे मुंबई पहुंची। इस तरह विमान अपने निर्धारित समय से करीब चार घंटे की देरी से गंतव्य तक पहुंच सका।

रायपुर आने वाली फ्लाइट भी रही प्रभावित

मुंबई में खराब मौसम का असर केवल रायपुर से जाने वाली उड़ान पर ही नहीं पड़ा, बल्कि मुंबई से रायपुर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट भी विलंबित रही। दोपहर 2:55 बजे रायपुर पहुंचने वाली यह फ्लाइट करीब तीन घंटे की देरी से अपने गंतव्य पर पहुंची।

देशभर की उड़ानों पर दिखा असर

मुंबई एयरपोर्ट पर लगातार हो रही भारी बारिश और लो-विजिबिलिटी के कारण केवल रायपुर ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न शहरों से आने-जाने वाली कई उड़ानें भी प्रभावित रहीं। कई विमानों को हवा में इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ उड़ानों को वैकल्पिक हवाई अड्डों पर डायवर्ट किया गया। लगातार खराब मौसम के चलते यात्रियों को उड़ानों में देरी और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। एयरलाइंस यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचने की सलाह दे रही हैं।

पहले भी तूफान ने रोका था दिल्ली फ्लाइट का रास्ता

स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में दिल्ली से आने वाली फ्लाइट मौसम खराब होने के कारण करीब 4 घंटे विलंब से पहुंची। इसकी जानकारी मिलते ही यात्रियों ने एयरपोर्ट में जमकर हंगामा किया। उन्होंने विमानन कंपनी और एयरपोर्ट प्रबंधन पर गुमराह करने का आरोप लगाते हुए जमकर भड़ास निकाली। आक्रोशित यात्रियों का कहना था कि उन्हें वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं दी गई। इसके चलते परिजनों के साथ फ्लाइट का इंतजार करते रहे। वहीं पूछताछ करने पर हर बार उन्हें दिल्ली से फ्लाइट के रवाना होने की जानकारी दी जाती रही।

Updated on:
07 Jul 2026 03:01 pm
Published on:
07 Jul 2026 03:00 pm