
Chhattisgarh Tourism: छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, नैसर्गिक सुंदरता और रोमांचक पर्यटन की संभावनाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल हुई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम चंदलीडीह में रामनामी इको टूरिज्म की शुरुआत की गई है। यह पर्यटन स्थल आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के टूरिज्म को नई पहचान दिलाने के साथ ही आर्थिक सशक्तीकरण का माध्यम भी बनेगा।
रामनामी समुदाय एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से विकसित किए जा रहे रामनामी इको टूरिज्म का शुभारंभ अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने फीता काटकर किया। पहले ही दिन दो विदेशी पर्यटकों ने चंदलीडीह पहुंचकर यहां की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक परिवेश का अनुभव किया। विदेशी पर्यटकों की आमद से क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
देशी-विदेशी पर्यटकों के संभावित आगमन को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा यहां पर्यटन सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि पर्यटकों को प्रकृति के बीच सुखद, रोमांचक और यादगार अनुभव प्राप्त हो सके।
रोमांचक पर्यटन का आनंद: रामनामी इको टूरिज्म चंदलीडीह में पर्यटकों को प्राकृतिक सुंदरता के बीच सुकून के पल बिताने के साथ ही विभिन्न रोमांचक गतिविधियों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। यहां पिकनिक, नौकायन, बांस के बेड़े की सवारी, केयाकिंग और सतखंडा पहाड़ की पदयात्रा जैसी आकर्षक गतिविधियां उपलब्ध हैं।
एडवेंचर एक्टिविटीज: पर्यटक जहां जल आधारित रोमांचक गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। वहीं खुले आसमान के नीचे प्रकृति के बीच रात्रि विश्राम का अनुभव भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। प्रकृति प्रेमियों, एडवेंचर टूरिज्म के शौकीनों और परिवार के साथ भ्रमण करने वालों के लिए चंदलीडीह एक आकर्षक पर्यटन स्थल साबित होगा।
अनूठी विरासत से रूबरू होगी दुनिया:चंदलीडीह पर्यटन स्थल की सबसे बड़ी विशेषता यहां की समृद्ध रामनामी सांस्कृतिक विरासत है। भगवान श्रीराम के प्रति अटूट आस्था, समर्पण और राम नाम को अपने जीवन में आत्मसात करने वाला रामनामी समाज छत्तीसगढ़ की विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान है।
रामनामी समुदाय के लोग अपने शरीर पर राम नाम का गोदना गुदवाने, राम नाम अंकित वस्त्र धारण करने तथा भजन-कीर्तन की विशिष्ट परंपराओं के लिए जाने जाते हैं। उनकी सरल जीवनशैली, आध्यात्मिक चेतना, लोक परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं।
रामनामी इको टूरिज्म के माध्यम से यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य के साथ ही रामनामी समाज की आस्था, जीवनशैली, धार्मिक मान्यताओं और विशिष्ट सांस्कृतिक परंपराओं को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलेगा। इससे रामनामी समाज की समृद्ध विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी मदद मिलेगी।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसर: इस अभिनव पहल का उद्देश्य पर्यटन के माध्यम से स्थानीय समुदाय की आजीविका को मजबूत बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देना भी है। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार की नई संभावनाएं विकसित होंगी। स्थानीय पर्यटन गाइड, नौकायन संचालन, पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था, स्थानीय खानपान, हस्तशिल्प एवं अन्य पर्यटन सेवाओं के माध्यम से ग्रामीणों को आय के अतिरिक्त साधन उपलब्ध होने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन विकास: प्रशासन द्वारा प्राकृतिक, ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। रामनामी इको टूरिज्म चंदलीडीह इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन और स्थानीय समुदाय की सहभागिता पर आधारित यह पहल सतत पर्यटन विकास को प्रोत्साहित करेगी।