
Ganesh Jhanki Raipur: छत्तीसगढ़ के रायपुर में गणेश प्रतिमा और झांकी विसर्जन का चल समारोह सोमवार को निकाला जाएगा। शारदा चौक से शुरू होने वाले इस समारोह को लेकर पुलिस और यातायात विभाग ने सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था तैयार कर ली है। झांकियों के निर्धारित रूट पर रात करीब 8 बजे से वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी जाएगी। यह प्रतिबंध सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा। वहीं, रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक शहर के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
गणेश झांकियां रात में शारदा चौक से रवाना होंगी। यहां से जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेवघाट स्थित विसर्जन स्थल तक पहुंचेंगी। झांकी के रूट वाले मार्गों पर भीड़ और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
झांकी रूट की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर रात करीब 8 बजे से सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इनमें शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली शामिल हैं। इसके अलावा बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना और कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग पर भी यातायात पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
टाटीबंध की ओर से आने वाले वाहन महोबाबाजार, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन चौक, फाफाडीह चौक और शास्त्री चौक होते हुए आगे जा सकेंगे। इसके अलावा टाटीबंध से रिंग रोड नंबर-1 होते हुए पचपेड़ीनाका मार्ग का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
भनपुरी की ओर से आने वाले वाहन फाफाडीह चौक, रेलवे स्टेशन चौक और तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध की ओर जा सकेंगे। दूसरा विकल्प फाफाडीह चौक से शास्त्री चौक, कालीबाड़ी और पचपेड़ीनाका का रहेगा। तेलीबांधा की ओर से आने वाले वाहन तेलीबांधा चौक से शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक और रेलवे स्टेशन की ओर जा सकेंगे। कालीबाड़ी होकर भी आवागमन किया जा सकेगा।
पचपेड़ीनाका की ओर से आने वाले वाहन पचपेड़ीनाका चौक, टिकरापारा चौक, कालीबाड़ी चौक, महिला थाना, शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक और रेलवे स्टेशन तक आवागमन कर सकेंगे।
यातायात व्यवस्था के तहत रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक भारी वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, झांकी रूट पर वाहनों की आवाजाही का प्रतिबंध सुबह करीब 6 बजे तक लागू रहेगा।
गणेश विसर्जन झांकी को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के लिए 1500 से अधिक पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे। थानों की पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद रहेगी। भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ड्रोन के जरिए भी निगरानी करेगी। पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।