रायपुर

Couple Arrested With Ganja: रायपुर स्टेशन में प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार, बैग से 6 लाख का गांजा बरामद

Couple Arrested With Ganja: रायपुर रेलवे स्टेशन के पास गुढ़ियारी पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में प्रेमी-प्रेमिका को गिरफ्तार किया गया।
2 min read
Mar 13, 2026
6 लाख का गांजा जब्त (photo source- Patrika)
6 लाख का गांजा जब्त (photo source- Patrika)

Couple Arrested With Ganja: रायपुर रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने एक प्रेमी-प्रेमिका को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से करीब 6 लाख रुपए से अधिक कीमत का गांजा बरामद किया गया है। यह कार्रवाई गुढ़ियारी थाना पुलिस ने आरपीएफ के साथ संयुक्त रूप से की।

Couple Arrested With Ganja: दोनों आरोपी मौके पर हुए गिरफ्तार

पुलिस को सूचना मिली थी कि गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर स्थित पार्किंग में एक महिला और एक पुरुष बैग में गांजा लेकर कहीं जाने की तैयारी में खड़े हैं। सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा ने टीम को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके बाद गुढ़ियारी पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने बताए गए हुलिये के आधार पर संदिग्ध महिला और पुरुष को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम राजेंद्र प्रसाद और हेमलता कैवर्त्य बताया। जब पुलिस ने उनके पास मौजूद बैग की तलाशी ली तो उसमें गांजा भरा हुआ मिला। कड़ी पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे एक-दूसरे के प्रेमी-प्रेमिका हैं और गांजा ओडिशा के खरियार रोड से लाकर उत्तरप्रदेश के प्रयागराज ले जाने की योजना बना रहे थे।

Couple Arrested With Ganja: आगे की कार्रवाई की जा रही

पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 13 किलो 156 ग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 6 लाख 77 हजार 800 रुपए आंकी गई है। इस मामले में गुढ़ियारी थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में राजेंद्र प्रसाद (29 वर्ष) ग्राम मोचारा खास, थाना सैनी, जिला कौशांबी उत्तरप्रदेश का निवासी है। वहीं हेमलता कैवर्त्य (30 वर्ष) ग्राम कारगिरोड, थाना कोटा, जिला बिलासपुर की रहने वाली है, जो वर्तमान में प्रयागराज के धूमनगंज क्षेत्र में रह रही थी।

Updated on:
13 Mar 2026 12:33 pm
Published on:
13 Mar 2026 12:32 pm