रायपुर

छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में बड़ा बदलाव! अब AI से तैयार होगा 50 लाख से अधिक बच्चों का रिकॉर्ड

Student Attendance: छत्तीसगढ़ के 40 हजार सरकारी स्कूलों में AI से बच्चों की हाजिरी दर्ज करने की तैयारी है। 50 लाख से अधिक विद्यार्थियों का रिकॉर्ड OMR शीट और VSK एप के जरिए ऑनलाइन होगा।
3 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 2:52 PM IST
AI Attendance System
सरकारी स्कूलों में बदलने जा रहा अटेंडेंस सिस्टम (Photo Source- AI Generate)

AI Attendance System: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज करने का तरीका बदलने जा रहा है। अब स्कूलों में बच्चों की हाजिरी का रिकॉर्ड तैयार करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद ली जाएगी। इसके तहत शिक्षक रोजाना की उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज करेंगे, जबकि महीनेभर का रिकॉर्ड ओएमआर (OMR) शीट में भरकर विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) एप पर अपलोड करेंगे। इसके बाद AI तकनीक शीट को स्कैन करके विद्यार्थियों की उपस्थिति का पूरा डेटा ऑनलाइन दर्ज कर देगी।

इस व्यवस्था को प्रदेश के करीब 40 हजार सरकारी स्कूलों और 50 लाख से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने की तैयारी है। इसका उद्देश्य स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना और उनकी हाजिरी की नियमित निगरानी करना है। समग्र शिक्षा की ओर से इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। हालांकि, तकनीकी और प्रक्रियागत कारणों से इसकी शुरुआत निर्धारित समय पर नहीं हो सकी है। अब इसे आगामी शैक्षणिक सत्र से लागू करने की योजना बनाई जा रही है।

Digital Attendance System: 40 हजार स्कूलों में बदलेगा हाजिरी दर्ज करने का तरीका

नई व्यवस्था लागू होने के बाद सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया में तकनीक की भूमिका बढ़ जाएगी। अभी शिक्षक रजिस्टर में बच्चों की रोजाना हाजिरी दर्ज करते हैं। नई व्यवस्था में इस रिकॉर्ड को ओएमआर शीट के माध्यम से डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए स्कूलों को निर्धारित प्रारूप वाली ओएमआर शीट उपलब्ध कराई जाएगी।

शिक्षक इसमें विद्यार्थियों की महीनेभर की उपस्थिति का विवरण भरेंगे। महीने के अंत में इस शीट की स्पष्ट फोटो विद्या समीक्षा केंद्र यानी वीएसके एप पर अपलोड करनी होगी। इसके बाद AI तकनीक ओएमआर शीट को स्कैन करेगी और उसमें दर्ज जानकारी को पढ़कर विद्यार्थियों की उपस्थिति का डेटा ऑनलाइन सिस्टम में दर्ज कर देगी। इस तरह स्कूलों में दर्ज हाजिरी का रिकॉर्ड डिजिटल रूप में उपलब्ध हो सकेगा।

शिक्षक खींचेंगे फोटो, AI खुद दर्ज करेगा पूरा रिकॉर्ड

इस पूरी व्यवस्था में शिक्षकों को हर महीने ओएमआर शीट की फोटो अपलोड करनी होगी। इसके बाद डेटा पढ़ने और उसे डिजिटल रिकॉर्ड में बदलने का काम AI तकनीक करेगी। इससे अधिकारियों को अलग-अलग स्कूलों से उपस्थिति का रिकॉर्ड मंगाने और उसका मिलान करने में पहले की तुलना में आसानी हो सकती है। एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्कूल, कक्षा और विद्यार्थी के स्तर पर उपस्थिति का विवरण उपलब्ध रहेगा।

इस डेटा के आधार पर यह भी पता लगाया जा सकेगा कि किन स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम है और किन बच्चों की हाजिरी नियमित नहीं रहती। इससे कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों की पहचान कर उनकी स्थिति पर नजर रखने में मदद मिलेगी।

नवंबर में 341 पीएमश्री स्कूलों से होनी थी शुरुआत

इस व्यवस्था को लागू करने की शुरुआत पहले नवंबर महीने में प्रदेश के 341 पीएमश्री स्कूलों से करने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए ओएमआर आधारित उपस्थिति प्रणाली तैयार की जा रही थी। लेकिन तकनीकी और प्रक्रियागत तैयारियां पूरी नहीं होने के कारण इसे निर्धारित समय पर शुरू नहीं किया जा सका। अब समग्र शिक्षा ने आगामी शैक्षणिक सत्र से इस व्यवस्था को लागू करने की तैयारी शुरू की है।

पहले चरण में निर्धारित स्कूलों में इसे लागू करने के बाद इसके अनुभव और परिणामों के आधार पर दूसरे सरकारी स्कूलों तक विस्तार देने की योजना है। प्रदेश में करीब 40 हजार सरकारी स्कूल हैं, जहां 50 लाख से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। ऐसे में इस व्यवस्था के पूरी तरह लागू होने पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड एक डिजिटल सिस्टम के जरिए तैयार किया जा सकेगा।

शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी में ही आ रही परेशानी

विद्यार्थियों की उपस्थिति को AI से दर्ज करने की तैयारी के बीच शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था भी पूरी तरह सुचारू नहीं हो पाई है। वीएसके एप के माध्यम से शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने के दौरान कई स्कूलों में तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं। कहीं लोकेशन सत्यापन की समस्या है तो कहीं सर्वर और नेटवर्क की परेशानी के कारण शिक्षकों की हाजिरी एप में दर्ज नहीं हो पा रही है। स्थिति यह है कि पूरे महीने में भी कई स्कूलों की उपस्थिति 100 प्रतिशत दर्ज नहीं हो पा रही है। ऐसे में विद्यार्थियों की हाजिरी के लिए AI आधारित नई व्यवस्था लागू करने से पहले तकनीकी समस्याओं को दूर करना भी महत्वपूर्ण होगा।

AI से निगरानी आसान होगी, लेकिन तकनीकी व्यवस्था भी जरूरी

सरकारी स्कूलों में AI आधारित उपस्थिति प्रणाली लागू होने से विद्यार्थियों की हाजिरी का रिकॉर्ड तैयार करने और उसकी निगरानी करने की प्रक्रिया आसान हो सकती है। अधिकारियों को स्कूलों से आंकड़े जुटाने के लिए अलग-अलग रिकॉर्ड पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। हालांकि, इस व्यवस्था की सफलता के लिए स्कूलों में इंटरनेट कनेक्टिविटी, वीएसके एप की कार्यक्षमता और ओएमआर शीट की सही स्कैनिंग जरूरी होगी।

शिक्षकों को भी नई प्रक्रिया के अनुसार प्रशिक्षण देना होगा, ताकि शीट भरने और अपलोड करने में गलती न हो।फिलहाल यह व्यवस्था आगामी शैक्षणिक सत्र से लागू करने की तैयारी में है। इसके लागू होने के बाद छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में बच्चों की हाजिरी का रिकॉर्ड तैयार करने का तरीका पहले से ज्यादा डिजिटल हो जाएगा।

Updated on:
29 Nov 2026, 2:52 PM IST
Published on: