
Happy Navratri: लोग नवरात्र पर महिलाओं के नाम से संपत्ति खरीदना शुभ मान रहे हैं। इसके चलते महिलाओं के नाम से जमीन, मकान, फ्लैट खरीदे जा रहे हैं। उन्हें भी संपत्तियों में बराबर का हक दिया जा रहा है। पिछले चार दिन में 200 से अधिक संपत्तियां महिलाओं के नाम से खरीदी गई हैं।
रजिस्ट्री ऑफिस के आंकड़ों के मुताबिक महिलाओं के नाम पर संपत्ति खरीदने वालों की संख्या साल दर साल बढ़ती जा रही है। नवरात्र शुरू होने के चार दिन में ही रायपुर जिले में अलग-अलग इलाकों में महिलाओं के नाम से कुल 234 संपत्तियां खरीदी गई हैं। ये संपत्तियां उनके नाम पर रजिस्टर्ड हुई हैं। पिछले 5 साल में करीब 70 हजार रजिस्ट्री महिलाओं के नाम पर हो चुकी है।
रायपुर पंजीयन कार्यालय में नवरात्रि के पहले दिन 22 सितंबर से 26 सितंबर के बीच कुल 804 रजिस्ट्री हुई है। इनमें से 234 रजिस्ट्री महिलाओं के नाम पर हुई है। दशहरा तक इसकी संख्या और बढ़ेगी। हालांकि छुट्टियों के चलते रजिस्ट्री पर असर पड़ता है।
5 डिसमिल से छोटे प्लाटों की खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने का असर रजिस्ट्री कार्यालय में दिखने लगा है। छोटे प्लाटों की रजिस्ट्री बंद हो गई है। पंजीयन कार्यालय में रजिस्ट्री की संख्या भी कम हुई है। हालांकि बिल्डरों के छोटे प्लाटों की रजिस्ट्री हो रही है।
Happy Navratri: शासन की ओर से महिलाओं के नाम से जमीन खरीदने और रजिस्ट्री कराने पर स्टॉम्प ड्यूटी शुल्क में 1 फीसदी छूट देने का नियम है। इसका लाभ भी लोगों को मिल रहा है। इसलिए भी कई लोग महिलाओं के नाम से जमीन खरीद रहे हैं और उनके नाम से रजिस्ट्री करवा रहे हैं।
विनोज कोचे, जिला पंजीयक, रायपुर: महिलाओं के नाम से भी रजिस्ट्री कराई जा रही है। महिलाओं के नाम से रजिस्ट्री की संख्या अब बढ़ रही है। रजिस्ट्री शुल्क में भी लोगों को छूट का लाभ मिलता है।