
Chhattisgarh monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के दूसरे दिन रायपुर में अमृत मिशन के कार्यों में देरी और पेयजल संकट का मुद्दा गूंजा। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर, राजेश मूणत और सुनील सोनी ने अपने ही सरकार के डिप्टी सीएम व नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव पर सवालों की छड़ी लगा दी। विधायक चंद्राकर ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा टैंकर रायपुर में दौड़ रहे हैं।
विधायकों ने पेयजल की अधूरी योजनाओं पर भी सवाल उठाए। इसके जवाब में डिप्टी सीएम साव ने कहा कि सभी निगम आयुक्तों को पत्र लिखकर पेयजल उपलब्ध कराने के संबंध में कार्ययोजना मांगी गई है। इसके आधार पर आगे काम होगा। सरकार हर घर शुद्ध जल पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
Chhattisgarh Vidhan Sabha News: विधायक चंद्राकर के सवाल के जवाब में पीएचई मंत्री ने बताया कि अमृत मिशन का काम 2015 में शुरू हुआ था। 2016 में इसका क्रियान्वयन हुआ। उन्होंने कहा कि राजधानी के 20 वार्डों में पेयजल पहुंचाया गया है। 25 वार्डों में आंशिक रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 3 लाख 42 हजार आवास चिन्हित हैं। इनमें से 2 लाख 21 हजार में पेयजल पहुंचाया जा रहा है। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर जवाब से संतुष्ट नहीं हुए।
चंद्राकर ने कहा कि योजना कितने की थी? उन्होंने कहा कि अब भी 1 लाख 21 घरों में पानी नहीं ले रहे हैं। भाजपा सदस्यों ने स्मार्ट सिटी के मद से पेयजल उपलब्ध कराने की योजना में भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए। विधायक सोनी ने कहा कि भक्तमाता कर्मा वार्ड और चंगोराभाठा में पानी टंकी भी है, लेकिन टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जा रही है। एक लाइन के ऊपर दूसरी लाइन बिछा दी गई है।
मूणत ने कहा कि राजधानी में दो टंकी बनकर सालों से खड़ी थी, लेकिन पाइपलाइन का विस्तार नहीं किया गया। अब इसके लिए पैसा जारी हुआ है। 90 हजार नल कनेक्शन अवैध है। पानी के नाम पर भर्राशाही चल रही है।
भाजपा विधायक भैयालाल राजवाड़े ने कोरिया जिले में जल जीवन मिशन के कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाया और पूरे मामले की जांच की मांग की। राजवाड़े ने कहा कि टंकी बन गई, लेकिन ना जल है और ना ही नल है। सिर्फ टोटी लगी हुई है। राजवाड़े के सवाल के जवाब में पीएचई मंत्री ने बताया कि जल जीवन मिशन अंतर्गत बैकुंठपुर में कुल 928 पानी टंकी का निर्माण किया गया है।
इनमें से 751 पूर्ण हैं और 177 अपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि एक भी घर में पानी नहीं पहुंचा है। डिप्टी सीएम साव ने कहा कि 447 टंकियों से जल प्रदाय किया जा रहा है। भाजपा सदस्य मंत्री के जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। साव ने कहा कि 143 गांवों में बकायदा ग्रामसभा कर पानी टंकी पंचायतों के हवाले कर दिया गया है। उन्होंने जांच कराने की मांग की। डिप्टी सीएम ने कहा कि लिखित में शिकायत देंगे तो उसकी जांच कराई जाएगी।