
रायपुर. विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों के चयन की कवायद तेज कर दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति में छत्तीसगढ़ के उम्मीदवारों के चयन के लिए बनी स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद भुवनेश्वर कलिता, सदस्य गण रोहित चौधरी और अश्विन कोतवाल ने शनिवार को कांग्रेस भवन में सभी जिलाध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ चर्चा की।
इस दौरान तय हुआ कि उम्मीदवार तय करने के कांग्रेस के पास तीन आधार होंगे। पहला, उम्मीदवार पार्टी का प्राथमिक सदस्य हो, दूसरा उसपर कोई गंभीर आपराधिक आरोप न हों और तीसरा स्थानीय लोगों से उसके बारे में अच्छा फीडबैक मिले। जिलाध्यक्षों ने टिकट वितरण जल्दी करने का आग्रह किए। उनका कहना था, ऐसा होने से प्रचार के लिए अधिक समय मिल पाएगा। ऐसा पहली बार हुआ कि स्क्रीनिंग कमेटी के पदाधिकारी रायपुर में बैठे।
7 अगस्त तक देना होगा आवेदन : तय हुआ कि चुनाव लडऩे की चाहत रखने वालों को अपना आवेदन 1 से 7 अगस्त के बीच ब्लॉक समिति के अध्यक्षों को देना होगा। उसका प्रारूप पार्टी ने जिलाध्यक्षों को दे दिया है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने बताया, कोई नेता अलग से बायोडाटा नहीं देगा। वहीं दिल्ली की दौड़ से भी लोगों को परहेज रखने की हिदायत दी गई है।
ब्लॉकों से आए नामों से उम्मीदवार चुनने से पहले स्क्रीनिंग कमेटी खुद जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में जाकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से उन नामों पर फीडबैक लेगी। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को भी अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष भुवनेश्वर कलिता ने कहा, जहां तक संभव होगा अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं से बात की जाएगी। उनकी भावना जानने की कोशिश होगी।