रायपुर

Independence Day 2026: 15 अगस्त से पहले रायपुर हाई अलर्ट! 800 पुलिसकर्मी तैनात, ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग प्लान जारी

Raipur Traffic Diversion: स्वतंत्रता दिवस 2026 के राज्य स्तरीय समारोह को लेकर रायपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण करेंगे।
2 min read
Aug 14, 2026
Independence Day 2026
Independence Day 2026: 15 अगस्त से पहले रायपुर हाई अलर्ट! (photo-patrika)

Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। समारोह में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। इसे देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं।

Raipur Traffic Advisory: पास के अनुसार होगी पार्किंग व्यवस्था

  • समारोह में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रंग के पास जारी किए गए हैं।
  • लाल पासधारी वाहन पीडब्ल्यूडी चौक, छत्तीसगढ़ कॉलेज, कुंदन पैलेस, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी और एमटी वर्कशॉप मार्ग से होकर मंच के पीछे स्थित वीआईपी पार्किंग में पहुंचेंगे।
  • हरा पासधारी वाहन पीडब्ल्यूडी चौक, आरआई गेट चौक होते हुए सेंट पॉल स्कूल पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे।
  • बिना पास वाले वाहनों के लिए सेंट पॉल स्कूल ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहां से लोगों को पैदल आरआई गेट के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक जाना होगा।
Independence Day 2026

स्कूल बसों के लिए अलग प्रवेश मार्ग

परेड में शामिल छात्र-छात्राओं और प्रतिभागियों को लेकर आने वाली स्कूल बसों को पुलिस लाइन के धमतरी गेट से प्रवेश दिया जाएगा। छात्र-छात्राओं को हेलीपैड के पास उतारने के बाद बसों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा किया जाएगा।

यातायात रहेगा डायवर्ट

कार्यक्रम के दौरान पेंशनबाड़ा चौक, पीडब्ल्यूडी चौक और महिला थाना चौक से पुलिस लाइन की ओर केवल अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। सामान्य यातायात को आवश्यकता अनुसार वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने और निर्धारित मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

17 प्लाटून के साथ होगा भव्य परेड प्रदर्शन

स्वतंत्रता दिवस समारोह की अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल पूरी हो चुकी है। परेड में केंद्रीय सुरक्षा बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस, जेल विभाग, नगर सेना और एनसीसी सहित कुल 17 प्लाटून हिस्सा लेंगी। समारोह में मार्चपास्ट, सलामी, मेडल सेरेमनी के साथ डॉग शो और हॉर्स शो भी मुख्य आकर्षण होंगे।

कार्यक्रम स्थल पर इन वस्तुओं पर रहेगा प्रतिबंध

पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर परेड ग्राउंड में शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, माचिस, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ, पटाखे, आग्नेयास्त्र, चाकू, कैंची, ब्लेड, तलवार और अन्य धारदार या खतरनाक वस्तुएं ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है।

800 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की जिम्मेदारी

स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। शहर के सभी प्रमुख एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर 24 घंटे वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। होटल, लॉज, धर्मशालाओं और अन्य ठहरने के स्थानों की भी जांच की जा रही है। प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा आदतन अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के जरिए शहरभर की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने बताया कि समारोह की सुरक्षा के लिए करीब 800 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

Updated on:
14 Aug 2026 07:43 am
Published on:
14 Aug 2026 07:42 am