रायपुर

हाईवे पर तड़पती रही घायल गाय, 1962 ने भी नहीं भेजी एंबुलेंस, पेट्रोलिंग टीम बोली- हमारा काम सिर्फ सड़क से किनारे घसीटना…

Injured Cow on National Highway: रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में घायल हुई गाय घंटों तक तड़पती रही, लेकिन उसे समय पर इलाज नहीं मिल सका। मदद के लिए एनएचएआई की हेल्पलाइन 1033 पर लगातार कॉल किया गया, लेकिन नंबर व्यस्त मिला।
3 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 11:13 AM IST
Chhattisgarh News
हाईवे पर तड़पती रही घायल गाय (फोटो सोर्स- पत्रिका)

रायपुर@हिमांशु शर्मा। Stray Cattle Road Accidents: रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे (देवरी/तरपोंगी टोल प्लाजा) दोपहर के ठीक 12:20 बजे। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर रफ्तार भरती गाड़ियां अचानक ब्रेक मारने लगती हैं। तरपोंगी टोल प्लाजा से चंद कदम पहले, देवरी के पास सड़क के बीचों-बीच एक गाय खून से लथपथ पड़ी है। किसी भारी वाहन की टक्कर से उसकी हड्डियां टूट चुकी हैं, वह दर्द से कराह रही है और उठने की नाकाम कोशिश में बार-बार सड़क पर गिर पड़ती है। हर चंद सेकेंड में गाड़ियां उसके पास से हवा को चीरती हुई सटकर निकल रही हैं। एक और टक्कर कभी भी हो सकती है।

टोल टैक्स के नाम पर हर गुजरने वाले पहिए से पाई-पाई वसूलने वाले एनएचएआई और सरकारी पशु चिकित्सा विभाग की व्यवस्था कितनी ’अलर्ट’ है, यह परखने के लिए पत्रिका रिपोर्टर ने उसी जगह खड़े होकर मोबाइल निकाला। इसके बाद जो सामने आया, वह सिस्टम की संवेदनहीनता का रोंगटे खड़े कर देने वाला सच था।

दोपहर 12:23 से 1:00 बजे तक: 1033 की टोन सिर्फ ‘व्यस्त… व्यस्त… व्यस्त’

सड़क पर गाय छटपटा रही थी। दोपहर 12:23 बजे एनएचएआई के उस इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 1033 पर कॉल मिलाया गया, जिसके बोर्ड हाईवे पर हर किलोमीटर बाद ’तत्काल सहायता’ का दावा करते नजर आते हैं। कॉल की घंटी नहीं बजी, बल्कि रिकॉर्डेड टोन आई- ‘जिस नंबर से आप संपर्क करना चाहते हैं, वह अभी व्यस्त है।’ एक बार… दो बार… पांच बार… लगातार 40 मिनट तक दोपहर 1 बजे तक फोन डायल होता रहा, लेकिन लाइन नहीं मिली।

इसी बीच सड़क पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ रहा था। वहां मौजूद एक स्थानीय परिचित ने एनएचएआई की पेट्रोलिंग वैन के एक कर्मचारी को पर्सनल नंबर पर कॉल घुमाया। कुछ देर बाद वैन रुकी, कर्मचारी उतरे और उन्होंने घायल गाय को घसीटकर डामर की सड़क से नीचे मिट्टी में धकेल दिया।

जब उनसे पूछा गया- ’’इसके इलाज और डॉक्टर की क्या व्यवस्था है?’’ कर्मचारी ने दो टूक जवाब दिया- ’’हमारी जिम्मेदारी सिर्फ इतनी है कि एक्सीडेंट होने पर पशु को सड़क से हटाकर किनारे कर दें ताकि ट्रैफिक न रुके। आगे इलाज कौन करेगा, हमें नहीं पता।’’

मदद की जगह डॉक्टर का नंबर थमा दिया

मदद की गुहार पर कर्मचारी ने विभाग का समन्वय करने के बजाय देवरी पशु चिकित्सालय के एक स्थानीय डॉक्टर का नंबर थमा दिया। जब उनसे कहा गया कि सिस्टम आपका है, आप सीधे संपर्क कर टीम क्यों नहीं भेजते? तो जवाब मिला- ’’हमारा काम सिर्फ नंबर देना है, बात आपको ही करनी होगी। आगे हम अफसरों को कुछ नहीं बताते।’’

डॉक्टर बोले- ‘खरोरा में हूं, देखता हूं’… और कट गया फोन

घायल गाय अब भी धूप में सड़क किनारे तड़प रही थी। दिए गए नंबर पर जब डॉक्टर को फोन लगाया गया, तो उन्होंने कहा- ’’आप देवरी अस्पताल लेकर आ जाइए।’’ रिपोर्टर ने कहा- ’’हम राहगीर हैं, गाय की हालत चलने जैसी नहीं है, आप मौके पर किसी को भेजिए।’’ डॉक्टर का लापरवाह जवाब आया- ’’मैं तो अभी खरोरा में हूं, देवरी में नहीं आ सकता।’’ जब आग्रह किया गया कि अस्पताल के किसी स्टाफ या कंपाउंडर को मौके पर भिजवाएं, तो डॉक्टर बोले- ’’अच्छा, देखता हूं फोन करके…’’ और इसके बाद फोन कट गया। इसके बाद न कोई स्टाफ आया, न ही डॉक्टर का दोबारा कोई फोन आया।

1962 वेटनरी एंबुलेंस: 6 बार में फोन उठा, फिर शुरू हुआ ‘सवालों का ड्रामा’

अब उम्मीद बची थी शासन की पशु चिकित्सा आपातकालीन सेवा 1962 से। लगातार 6 बार कॉल करने के बाद आखिरकार लाइन कनेक्ट हुई। रिपोर्टर ने बताया- ’’देवरी, तरपोंगी टोल के पास गाय गंभीर घायल है, तुरंत एंबुलेंस भेजिए।’’ उधर से ऑपरेटर ने कहा- ’’कॉल पर बने रहिए…’’चंद सेकेंड बाद ऑपरेटर उल्टे सवाल पूछने लगी- ’’तिल्दा से देवरी कितना किलोमीटर दूर है?’’ सफर कर रहे राहगीर से दूरी का हिसाब मांगने वाली महिला कर्मचारी ने अगला झटका यह दिया- ’’हमारी एंबुलेंस इस रूट पर नहीं आ पाएगी, वह दूसरे इलाके में व्यस्त है।’’

बंद लाइटें और हर माह 4-5 हादसे

यह सिर्फ एक दोपहर की दास्तान नहीं है। एनएच-130 पर सफर करने वालों के लिए यह रोज का खौफ है। सड़क कई जगह से उखड़ी है, रात होते ही हाईवे की स्ट्रीट लाइटें बंद हो जाती हैं और दर्जनों गोवंश अंधेरे में सडक़ पर जमे रहते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस रूट पर हर महीने 4 से 5 बड़े सड़क हादसे सिर्फ गोवंशों के टकराने से होते हैं, जिनमें कई वाहन चालकों की जान जा चुकी है और कई लोग अपाहिज हो चुके हैं।

धर्मेश यादव, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई, रायपुर के मुताबिक, हेल्पलाइन नंबर 1033 पर कॉल क्यों नहीं लग रहा था, इसकी मैं तुरंत जांच करवाता हूं। दुर्घटना होने पर मवेशी को सड़क किनारे करना प्राथमिक प्रक्रिया है ताकि अन्य हादसे न हों। मैंने अभी नई जॉइनिंग ली है, पूरे मामले और व्यवस्था की जानकारी लेकर ही आगे कुछ बता पाऊंगा।

Updated on:
18 Nov 2026, 11:13 AM IST
Published on: