
रायपुर@राकेश टेम्भुरकर। Income Tax Raid: आयकर विभाग को छापेमारी में कारोबारियों के ठिकानों से करीब 200 करोड़ की गडबड़ी मिली है। इसकी जांच करने के बाद ही टैक्स चोरी का खुलासा होगा। अघोषित आय का इनपुट मिलने पर आईटी एक्सपर्ट के जरिए कम्प्यूटर, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्राॅनिक डिवाइस का बैकअप लिया जा रहा है। वहीं स्टॉक, निवेश, प्रापर्टी और लेनदेन को खंगाला जा रहा है।
साथ ही ज्वेलरी का मुल्याकंन करने के लिए मुंबई और अहमदाबाद से वेल्यूअर के जरिए मूल्यांकन काम चल रहा है। 25 लॉकर मिलने के बाद उक्त सभी को सील किया गया है। जिसे बाद में ऑपरेट किया जाएगा। लगातार मिल रही गड़बड़ी को देखते हुए कोयला, लोहा और रोड कंस्ट्रक्शन कारोबार से जुड़े बार्बिक और पीआरए ग्रुप से जुड़े रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर और रायगढ़ के साथ ही झारखंड और मुंबई के 36 ठिकानों पर देररात तलाशी पूरी होने की संभावना है। जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर उक्त ठिकानों को कवर किया गया है। अब तक की जांच में दोनों ग्रुप से बड़ी मात्रा में ज्वेलरी और कैश मिलने की जानकारी सामने आई है।
तलाशी के दौरान ग्रुप के कार्यालयों से कच्चे-पक्के लेनदेन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं। उक्त सभी में टैक्स चोरी का हिसाब रखने की जानकारी मिलने पर बैकअप लिया जा रहा है। इस समूह पर 2015-16 में आईटी की टीम द्वारा छापेमारी की गई थी। इस दौरान कारोबार अपेक्षाकृत छोटा था। लेकिन, पिछले 10 साल में कारोबार में करीब 100 गुना का इजाफा होने के बाद भी टैक्स अपेक्षाकृत कम आ रहा था। इसे देखते हुए वित्तीय लेनदेन, टैक्स रिटर्न और लेखा-जोखा का हिसाब किया जा रहा है।
बिलासपुर में विद्या नगर निवासी जयप्रकाश मित्तल (जेपी) के घर, व्यापार विहार स्थित उनकी विभिन्न फर्मों महानदी इंटरप्राइजेज, मित्तल स्टील और हनुमान हार्डवेयर के अलावा मोहदा में हाल ही में उद्घाटित फैक्ट्री में भी जांच की जा रही है। जेपी बिलासपुर संभाग के बड़े स्टील और कोल कारोबारियों में शामिल हैं। रायगढ़ में सन स्टील और रायगढ़ इस्पात के ठिकानों में तलाशी चल रही है।
बार्बरिक ग्रुप शेयर बाजार में आईपीओ लाने की तैयारी कर रहा था। वहीं पीआरए ग्रुप को रायपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण का ठेका मिला है। इस परियोजना की लागत करीब 450 करोड़ बताई जा रही है। वहीं सड़क निर्माण और अन्य ठेके के सहित कार्पोरेट दफ्तर को कवर किया गया है।