रायपुर

LPG Cylinder Price Hike: कमर्शियल सिलेंडर के दाम दोगुने होने से कारोबार पर संकट, बाहर खाना होगा महंगा

LPG Cylinder Price Hike: कमर्शियल सिलेंडर के दाम दोगुने होने से होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय की चिंता बढ़ गई है। दूसरी ओर अब लोगों को बाहर खाना महंगा पड़ेगा..

2 min read
May 03, 2026
Commercial LPG Cylinders (Photo Source - Patrika)

LPG Cylinder Price Hike: विनोद डोंगरे. कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में एकाएक 993 रुपए की भारी बढ़ोतरी ने राजधानी रायपुर के होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय को चिंता में डाल दिया है। 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब रायपुर में करीब 3,294 रुपए पहुंच गई है, जो पहले 2,300 रुपए के आसपास थी। इस बढ़ोतरी से खाद्य पदार्थों की लागत बढ़ने के साथ-साथ छोटे-बड़े रेस्टोरेंट मालिकों ने खाना महंगा करने की तैयारी कर ली है।

LPG Cylinder Price Hike: रोजाना 4-5 सिलेंडर खर्च

रायपुर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार, गैस होटल उद्योग की सबसे बड़ी लागत में से एक है। एक औसत रेस्टोरेंट रोजाना 4-5 सिलेंडर खर्च करता है। बढ़ी हुई कीमत से मासिक गैस खर्च में 15-20 हजार रुपए तक का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। छोटे ढाबे और मीडियम रेस्टोरेंट इस बोझ को सहन करने में असमर्थ हैं। कई जगहों पर संचालन घटाने या कुछ आइटम मेन्यू से हटाने की तैयारी चल रही है।

बिना भाव बढ़ाए टिकना मुश्किल

प्रभात टाकीज के पास भोजनालय चलाने वाले सिमु बिस्वास कहते हैं, हमारे यहां रोजाना 3-4 सिलेंडर जलते हैं। पहले 7-8 हजार रुपए महीने का गैस बिल था, अब 12-13 हजार हो जाएगा। किराया, बिजली, कर्मचारी वेतन पहले से ही बढ़े हैं। अब खाने की कीमतें 10-15 प्रतिशत बढ़ानी पड़ेंगी, तब मैनेज हो पाएगा।

बड़े होटल भी चिंतित

बड़े होटलों में भी चिंता है। तेलीबांधा स्थित होटल टेंपटेशन के मैनेजर प्रवेश कुमार ने बताया कि उनकी रसोई में प्रतिदिन 15-20 सिलेंडर की खपत होती है। अतिरिक्त खर्च सालाना लाखों में पहुंच जाएगा। इससे न केवल मुनाफा कम होगा, बल्कि नौकरियों पर भी असर पड़ सकता है।

चौपाटी से लेकर फ़ूड कोर्ट तक असर

रायपुर में सड़क किनारे के चौपाटी से लेकर शॉपिंग मॉल के फूड कोर्ट तक हर जगह इस बढ़ोत्तरी का असर पड़ सकता है। ग्राहक पहले ही महंगाई से परेशान हैं, अब खाने-पीने पर अतिरिक्त खर्च उन्हें और झेलना पड़ेगा।

विकल्पों की तलाश

बहुत कम संख्या में होटल संचालक इंडक्शन या सोलर-कुकर जैसे विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, लेकिन बड़े पैमाने पर स्विच करना महंगा और समय लेने वाला है। रायपुर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने सरकार से अपील की है कि कमर्शियल एलपीजी पर सब्सिडी दी जाए या बढ़ोतरी वापस ली जाए, ताकि छोटे व्यवसाय बच सकें।

Updated on:
03 May 2026 12:12 pm
Published on:
03 May 2026 12:10 pm
Also Read
View All