
रायपुर@नारद योगी। Mahadev Betting App: महादेवबुक सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई-ईडी की लगातार कार्रवाई से राजधानी सहित प्रदेश भर के सट्टेबाजों में हड़कंप मच गया है। खासकर उनमें, जिनके नाम अब तक पुलिस की जांच-रिकार्ड में आए हैं, लेकिन सार्वजनिक नहीं हुए और न ही गिरफ्तारी हुई। वर्ष 2019 से अब तक रायपुर के 200 से अधिक बड़े सट्टेबाजों का सीधा कनेक्शन उजागर हो चुका है। ऑर्गनाइज सट्टा चलाने वालों के अलावा कारोबारी, नेता से लेकर कबाड़ी तक महादेव सट्टे का पैनल बेच रहे थे। इसके बदले में लाखों रुपए वसूलते थे। पुलिस ने फरारी में ही चालान पेश किया। अब मामला सीबीआई के पास चला गया है।
महादेव सट्टा ऐप का पैनल चलाने वालों ने प्रमोटर सौरभ का पैसा रायपुर में भी लगाया है। क्लब-होटल के अलावा कई फार्म हाउसों में भी निवेश है। विधानसभा रोड के शीमर्स क्लब के समय क्लब-होटलों में सट्टे की कमाई लगाने का पता चला था। इसी तरह मूलत: कबाड़ का धंधा करने वाले ने विधानसभा इलाके में एक आलीशान फार्म हाउस बनाया। एक सटोरिए ने पुलिस से बचने के लिए बड़ा धार्मिक आयोजन किया था। तिल्दा-नेवरा के एक नेता की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इसके अलावा कई पैनल ऑपरेटर हैं, जिन्होंने जमीनों में भी सट्टे की रकम लगा रखी है। ईडी-सीबीआई की कार्रवाई से इनमें हड़कंप मचा है।
महादेव सट्टे से जुड़े कई सफेदपोश पैनल ऑपरेटरों ने कार्रवाई की आशंका में पहले से ही अपने पुराने मोबाइल नंबर बदल दिए हैं। लेन-देन का रिकार्ड भी डिलिट कर दिया है।
रायपुर के कई सटोरियों का वर्ष 2019 से लेकर वर्ष 2023 तक कई बार दुबई आना-जाना हुआ है। कुछ लोग धार्मिक यात्रा का वाला देते हुए लगातार दुबई गए हैं। एक कबाड़ी भी धार्मिक यात्रा के नाम पर कई बार दुबई जा चुका है। हाल ही में पकड़ा गया सटोरिया गुलशन उर्फ बाबू खेमानी भी दुबई जा चुका था। आजादचौक इलाके में रहने वाला सैफ जेल से छूटते ही फिर दुबई चला गया।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में अप्रैल 2025 में प्रस्तुत एक जवाब के मुताबिक छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत फरवरी 2025 तक प्रदेश में ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी के करीब 444 मामले दर्ज किए गए थे। इनमें 1002 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। महादेव सट्टा के करीब 80 केस दर्ज किए गए थे। 13 एफआईआर और चार्जशीट सीबीआई को दिया गया है।
महादेव सट्टा ऐप का अवैध कारोबार से कमाई 1.40 लाख करोड़ से अधिक की बताई जा रही है। इसमें से सौरभ ने 200 करोड़ से अधिक पैसों का रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर जैसे शहरों के होटल-क्लब और जमीनों में लगाने का खुलासा हुआ है।