रायपुर

दुबई, दिल्ली और छत्तीसगढ़… दो बड़े घोटालों की जांच में सामने आईं नई कड़ियां, विकास अग्रवाल की वापसी से बढ़ीं मुश्किलें

Chhattisgarh Liquor Scam: शराब घोटाले के कथित मुख्य वित्तीय समन्वयक विकास अग्रवाल को यूएई से भारत लाया गया है। उनकी वापसी और नए इनपुट के आधार पर जांच में कई अहम कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
3 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 12:39 PM IST
Mahadev Satta Scam
Mahadev Satta Scam: सट्टे की रकम कहां हुई निवेश?(photo-patrika)

Mahadev Betting App: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप व 1280 करोड़ रुपए के कथित शराब घोटाले में ईडी और केंद्रीय एजेंसियों ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एक तरफ ईडी की टीमों ने महादेव सट्टा प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और अधिवक्ता हिमांशु से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर रायपुर, दुर्ग-भिलाई, धमतरी और दिल्ली स्थित 9 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। दूसरी तरफ, शराब घोटाले के मुख्य वित्तीय समन्वयक यानी 'मनीमैन' विकास अग्रवाल को इंटरपोल के रेड नोटिस के बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। सट्टा ऐप की काली कमाई को दुबई के रियल एस्टेट और भारत के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में खपाने के संदेह में ईडी ने दिल्ली के पॉश इलाकों में दबिश दी।

टीम ने जोरबाग में रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर के दो मकानों और खान मार्केट स्थित दफ्तर की तलाशी ली। शेली और उनके बेटे माधव दुबई में एंपायर इंफ्राटेक रियल एस्टेट ब्रोकरेज एलएलसी चलाते हैं। वहीं, देश के नामी लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर के रिवेरा हाउस और वेडिंग वेन्यू पर भी कार्रवाई की गई। राहुल मक्कर ने ही वर्ष 2023 में दुबई में हुई सौरभ चंद्राकर की शाही शादी में कैटरिंग का जिम्मा संभाला था। एजेंसी अब मक्कर और विकास छपरिया के वित्तीय संबंधों को भी खंगाल रही है।

भिलाई के होटल रोमन पार्क में रवि उप्पल के निवेश का संदेह

ईडी की टीम ने शुक्रवार अलसुबह भिलाई के सूर्य विहार निवासी होटल व्यवसायी रोहन कुकरानी के घर और पुलगांव स्थित होटल रोमन पार्क में करीब तीन घंटे तक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण खंगाले। बीएसपी स्कूल से पढ़े रोहन ने विदेश से लौटने के बाद यह होटल खोला था, जो शुरुआत में घाटे में था। चर्चा है कि 2023 में सट्टा प्रमोटर रवि उप्पल ने अपने बेटे की बर्थडे पार्टी इसी होटल में मनाई थी, जिसके बाद एक गुप्त सौदे के तहत होटल का नियंत्रण उप्पल के पास चला गया, जबकि संचालन रोहन के नाम पर ही चलता रहा। एजेंसी को संदेह है कि सौरभ ने रायपुर और रवि ने दुर्ग के होटलों में सट्टे की अवैध रकम निवेश की है।

धमतरी की अपर कलेक्टर और रायपुर में वित्त सहायक के घर दबिश

शराब घोटाले की कड़ी में ईडी ने धमतरी की अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह देवहारी के शासकीय निवास पर सीआरपीएफ की कड़ी सुरक्षा के बीच पांच घंटे से अधिक समय तक छानबीन की। उनके पति नवीन प्रताप सिंह तोमर आबकारी विभाग के पूर्व डिप्टी कमिश्नर हैं, जिन्हें ईओडब्ल्यू-एसीबी ने फरवरी 2026 में गिरफ्तार किया था।

गौरतलब है कि अक्टूबर 2026 में पेश पूरक चालान में सरकारी शराब दुकानों के कर्मचारियों के ओवरटाइम और बोनस के नाम पर 182 करोड़ रुपए की अनियमितता का खुलासा हुआ था। इसके अलावा, ईडी ने रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरिन कॉलोनी में जेल एवं होमगार्ड विभाग के वित्त सहायक राजेंद्र सिंह (मूल निवासी अंबिकापुर) के घर भी छापा मारकर संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।

इधर, रेड नोटिस के बाद यूएई एजेंसियों ने विकास को दबोचा था

ईडी की छापेमारी के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस और सीबीआई को बड़ी कूटनीतिक सफलता मिली है। 2019 से 2022 के बीच हुए 1280 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में डिस्टिलरी संचालकों से कमीशन वसूलकर अधिकारियों तक पहुंचाने और रकम को शेल कंपनियों में छिपाने के आरोपी विकास अग्रवाल को यूएई से भारत लाया गया है।

छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल द्वारा जारी रेड नोटिस के बाद यूएई एजेंसियों ने उसे दबोचा था। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 27 नवंबर को दुबई एयरपोर्ट पर उसे भारतीय टीम को सौंपा गया, जिसे लेकर पुलिस मुंबई पहुंच चुकी है। सीबीआई के मुताबिक, इंटरपोल की मदद से 2019 से अब तक 300 से अधिक (वर्ष 2026 में 78) भगोड़ों को भारत वापस लाया जा चुका है।

Updated on:
28 Nov 2026, 12:39 PM IST
Published on: