रायपुर

दुबई में बैठकर महादेव सट्टा केस ‘मैनेज’ करने की तैयारी! हर महीने 60 करोड़ बांटने का दावा, ED की जांच में बड़े खुलासे

Mahadev Betting Case Dubai Connection: महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच में नए खुलासे सामने आए हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, दुबई में महादेव सट्टा प्रमोटरों और अधिवक्ता हिमांशु शेखर के बीच बैठक हुई थी।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 12:51 PM IST
हिमांशु शेखर (Photo Source- Patrika File Photo)
हिमांशु शेखर (Photo Source- Patrika File Photo)

Mahadev Betting Scam: महादेव ऑनलाइन सट्टा प्रकरण में सोमवार देर रात पहली बार विशेष न्यायाधीश की अदालत में सुनवाई हुई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली से गिरफ्तार महादेव सट्टा प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के कथित कार्पोरेट अधिवक्ता हिमांशु शेखर को रात 10.15 बजे अदालत में पेश किया। ईडी ने आरोपी को 28 नवंबर तक पूछताछ के लिए रिमांड पर देने की मांग की, जिसे अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद रात करीब 1 बजे स्वीकार कर लिया।

ईडी ने अदालत में बताया कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर हिमांशु शेखर को गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, अक्टूबर 2023 की शुरुआत में मुंबई स्थित कुरैशी प्रोडक्शंस में तलाशी के दौरान महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े वसीम कुरैशी ने हर्षवर्धन से मदद मांगी थी। इसके बाद दुबई में महादेव बुक के प्रमोटरों की हिमांशु शेखर से मुलाकात कराई गई।

हर महीने 60 करोड़ बांटने का दावा

ईडी के अनुसार, दुबई के जुमेराह पिंक बीच स्थित विला नंबर 45 में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी, अधिवक्ता सुमित कोचर और हिमांशु शेखर के बीच बैठक हुई थी। आरोप है कि इस बैठक में हिमांशु ने महादेव सट्टा प्रमोटरों के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों में राहत दिलाने का भरोसा दिया और इसके एवज में अक्टूबर में 15 करोड़ रुपए लेने की बात सामने आई है। पूछताछ में हर महीने करीब 60 करोड़ रुपए कथित तौर पर संरक्षण और लोगों को मैनेज करने के नाम पर बांटे जाने की जानकारी भी सामने आने का दावा किया गया है।

दो घंटे तक चली बहस

अदालत में पेशी के बाद अभियोजन और बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं के बीच करीब दो घंटे तक बहस हुई। ईडी ने आवेदन में हिमांशु पर प्रमोटरों से 15 करोड़ रुपए लेने और बाद में हवाला के जरिए किस्तों में बड़ी रकम प्राप्त करने का आरोप लगाया। एजेंसी ने सौरभ चंद्राकर के बयान का हवाला देते हुए दावा किया कि हिमांशु आपराधिक मामलों में राहत दिलाने का भरोसा देता था और कथित तौर पर कहता था कि अधिवक्ता और जज साहब से बात हो चुकी है। विश्वास जीतने के लिए उसने गिरिश तलरेजा की गिरफ्तारी की जानकारी भी पहले दे दी थी।

वहीं बचाव पक्ष ने आरोपों को कहानी बताते हुए गिरफ्तारी के आधार और ठोस साक्ष्यों पर सवाल उठाए। बताया जाता है कि गिरिश तलरेजा ऑनलाइन सट्टा साइट लोटस 365 डॉट कॉम में प्रमोटरों का साझेदार था, लेकिन बाद में उनसे अलग हो गया था।

लीगल कंसल्टेंट और विशेषज्ञ होने का दावा

हिमांशु शेखर की लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, वह खुद को लीगल कंसल्टेंट और कानून विशेषज्ञ बताता है। प्रोफाइल में पटना, बिहार को अपना स्थान बताते हुए कानून के क्षेत्र में 17 साल से अधिक अनुभव का दावा किया गया है। उसने बीबीए-एलएलबी (ऑनर्स) और एलएलएम की डिग्री तथा एनएलयू जोधपुर से पढ़ाई का उल्लेख किया है। एलएलएम गोल्ड मेडलिस्ट होने के साथ सुप्रीम कोर्ट से जुड़े पेशेवर अनुभव का भी दावा किया गया है।

Updated on:
25 Nov 2026, 12:51 PM IST
Published on: