25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Chhattisgarh / Raipur / तीन साल के कामकाज पर घिरेगी सरकार? 14 दिसंबर से शुरू होगा शीतकालीन सत्र, 908 सवालों के साथ विपक्ष तैयार

तीन साल के कामकाज पर घिरेगी सरकार? 14 दिसंबर से शुरू होगा शीतकालीन सत्र, 908 सवालों के साथ विपक्ष तैयार

Vishan Sabha Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा का चार दिवसीय शीतकालीन सत्र 14 से 17 दिसंबर तक आयोजित होगा। सत्र के लिए विधायकों ने कुल 908 सवाल लगाए हैं, जिनमें 463 तारांकित और 445 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रायपुर

•

image

Laxmi Vishwakarma

•

Updated: 25 Nov 2026, 11:14 AM IST

CG Assembly Winter Session

14 दिसंबर से शुरू होगा शीतकालीन सत्र (Photo Source- Patrika File Photo)

CG Assembly Winter Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र भले ही चार दिन का हो, लेकिन सरकार को घेरने के लिए विधायकों ने सवालों की लंबी फेहरिस्त तैयार की है। 14 से 17 दिसंबर तक होने वाले सत्र में कुल 908 सवाल लगाए गए हैं। इनमें 463 तारांकित और 445 अतारांकित प्रश्न हैं। यानी सदन में सरकार से जवाब मांगने के लिए सवालों का दबाव तो बड़ा होगा, लेकिन मौखिक चर्चा का मौका बेहद सीमित रहेगा। चार बैठकों में 463 तारांकित सवालों में से बमुश्किल 40 से 50 पर ही चर्चा हो पाने का अनुमान है।

Chhattisgarh Politics: धान खरीदी, कानून-व्यवस्था और महतारी वंदन पर उठेंगे सवाल

इस लिहाज से करीब 90 फीसदी तारांकित सवालों पर सदन में मौखिक सवाल-जवाब नहीं हो पाएंगे। सत्र की खास बात यह है कि सरकार को केवल विपक्ष ही नहीं, बल्कि अपने ही विधायकों के सवालों का सामना करना पड़ेगा। सत्ता पक्ष के विधायक भी अपने क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर विभागों से जवाब मांग रहे हैं। ऐसे में सदन में सरकार के सामने दोहरी चुनौती होगी। एक तरफ विपक्ष सरकार के तीन साल के कार्यकाल और चुनावी वादों पर जवाब मांगेगा, दूसरी तरफ सत्तापक्ष के विधायक स्थानीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं को उठाएंगे।

3 साल के कामकाज पर भी रहेगा दबाव

भाजपा सरकार दिसंबर में अपने तीन साल पूरे कर रही है। ऐसे में मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों, रोजगार, भर्ती, किसानों और महिलाओं से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश करेगा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और वोट चोरी के आरोपों को लेकर भी राजनीतिक टकराव की आशंका है।

पिछले सत्रों में सवालों का गणित

पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च के उपलब्ध विधानसभा आंकड़ों के अनुसार दिसंबर 2023 से जुलाई 2025 तक के छह सत्रों में तारांकित सवालों के मुकाबले मौखिक जवाबों की संख्या काफी कम रही है। खासकर दिसंबर 2025 के सत्र में 299 स्वीकृत तारांकित सवालों में से केवल 11 पर मौखिक जवाब दर्ज हुए।

एक्सपर्ट व्यू

चंद्रशेखर गंगराड़े, विधानसभा के पूर्व प्रमुख सचिव के अनुसार विधानसभा के सदस्यों को प्रश्न लगाने का समय दिया जाता है। विधायक एक दिन में दो तारांकित और दो अतारांकित प्रश्न लगा सकते हैं। एक दिन के सत्र में तारांकित प्रश्नों की संख्या अधिक होने से 25 प्रश्नों का चयन लॉटरी निकाल के किया जाता है। प्रश्नकाल एक घंटे का होता है। इसमें सवाल-जवाब का दौर होता है। बाकी सभी प्रश्नों का लिखित उत्तर विधायकों को दिया जाता है।

सत्तापक्ष के सवाल भी सरकार की परीक्षा लेंगे

सत्तापक्ष के विधायक अपने क्षेत्रों में अधूरे निर्माण कार्य, सडक़ों की खराब स्थिति, पेयजल संकट, स्कूलों में शिक्षकों की कमी, अस्पतालों में डॉक्टरों और सुविधाओं की कमी तथा बिजली आपूर्ति जैसे मुद्दे उठा सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन, पंचायतों के काम, आवास और स्थानीय विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर भी सवाल संभव हैं।

CG Political News: धान खरीदी से लेकर कानून-व्यवस्था तक निशाने पर

विपक्ष के लिए सबसे बड़ा मुद्दा धान खरीदी का हो सकता है। खरीदी केंद्रों में किसानों को हो रही परेशानी, टोकन, बारदाने, तौल, भुगतान और बेमौसम बारिश से फसल को हुए नुकसान जैसे सवाल सरकार को घेर सकते हैं। इसके साथ ही किसानों को कृषि आदान सहायता, सिंचाई और खाद-बीज की उपलब्धता पर भी जवाब देना पड़ सकता है।

कानून-व्यवस्था दूसरा बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनने के आसार हैं। अपराध, नशे का कारोबार, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, अवैध गतिविधियों और पुलिस व्यवस्था को लेकर गृह विभाग से सवाल पूछे जा सकते हैं। विपक्ष महतारी वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों, पात्रता, भुगतान और क्रियान्वयन का हिसाब मांग सकता है।