
Mahadev Betting Scam: महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क की जांच के दौरान मिल रहे अलग-अलग दावों ने जांच एजेंसियों के सामने नई उलझन पैदा कर दी है। हालांकि अब तक की छानबीन के दौरान सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल द्वारा सिंडिकेट का संचालन करने के इनपुट मिले है। वहीं दूसरी ओर शुभम सोनी खुद को पूरे नेटवर्क का मालिक बताने पर रवि और शुभम की तलाश चल रही है। दोनों को पकड़े जाने पर इस खेल और पर्दे के पीछे छिपकर संचालन करने वालों का खुलासा होगा।
जांच एजेंसियों के अधिकारिक सूत्रों का कहना है कि सट्टा का संचालन तीनों संयुक्त रूप से कर रहे है। खुद को बचाने के लिए सौरभ अपने साथी रवि और दोनों को बचाने के लिए शुभम सामने आ रहा है। बता दें कि विधानसभा चुनाव के ठीक पहले नवंबर 2023 में शुभम ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया था। इसमें 508 करोड़ कांग्रेस के एक बडे़ नेता को देने और सुरक्षित रूप से दुबई भागने में मदद करना बताया था।
इस पूरे मामले में सौरभ के पकड़े गए अधिवक्ता हिमांशु शेखर से पूछताछ को अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान नेटवर्क से जुड़े लोगों के बीच संपर्क, कानूनी गतिविधियों और कथित लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।
महादेव सट्टा नेटवर्क की जांच में अब तक कई लोगों की भूमिका सामने आने के दावे किए गए हैं। लेकिन नेटवर्क के शीर्ष स्तर पर कौन फैसले लेता था, किसके पास आर्थिक नियंत्रण था और किसके निर्देश पर सट्टे का कारोबार संचालित होता था, यह जांच का अहम पहलू है। शुभम सोनी का खुद को मालिक बताना और सौरभ-रवि को कर्मचारी बताना इस पूरे मामले में कई सवाल खड़े करता है।
हिमांशु से मिली जानकारी के आधार सट्टा नेटवर्क से जुडे़ एक अन्य महत्वपूर्ण आरोपी के गिरफ्तारी की तैयारी चल रही है। बताया जाता है कि पूछताछ में मिले इनपुट के आधार उसकी घेरेबंदी की तैयारी चल रही है। सूत्रों का कहना है कि उसे विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा। इसके बाद सौरभ-हिमांशु और तीसरे आरोपी को सामने बिठाकर पूछताछ होगी।