रायपुर

CHL Raipur: मैनपाट टाइटन्स ने राजधानी रॉयल्स को 5-2 से दी करारी शिकस्त

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के मुकाबले राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जा रहे हैं...
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 1:46 AM IST
CHL Raipur

CHLRaipur: राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेली जा रही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (सीएचएल) के सातवें मुकाबले में रविवार को प्रदीप मोर की मैनपाट टाइटन्स ने राजधानी रॉयल्स को 5-2 से करारी शिकस्त दी। इस हार के साथ ही राजधानी रॉयल्स के सेमीफाइनल में पहुंचने का रास्ता लगभग बंद हो गया है।

मैच के पहले क्वार्टर में ज्यादातर समय खेल काफी सुस्त रहा। दोनों टीमें मिडफील्ड में ही गेंद को घुमाती रहीं और बहुत कम बार ही विपक्षी सर्कल के अंदर पहुंच पाईं। क्वार्टर के अंत में मैनपाट टाइटन्स ने तेजी दिखाते हुए सर्कल के अंदर एक मौका बनाया, जिस पर मनीष वट्टी ने गोल करके टीम को बढ़त दिलाई।

इसके जवाब में राजधानी रॉयल्स ने भी वापसी की कोशिश की। रोशन ने सर्कल के बाहर से अनिकेत को गेंद पास की, जिस पर अनिकेत ने गोल करके स्कोर बराबर कर दिया। इसके लगभग 30 सेकंड बाद ही रोशन ने टाइटन्स के गोलकीपर अल्फ़ाज़ खान को छकाते हुए गोल कर दिया, जिसे रेफरी ने अमान्य करार दिया।

मैनपाट के संदीप ठाकुर को मिडफील्ड से एक बेहतरीन पास मिला, जिस पर उन्होंने गोल करके हाफ-टाइम तक टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद ललित ने शानदार खेल दिखाते हुए काफी दूर से गेंद को उछालकर (स्कूप करके) रोशन के पास पहुंचाया, जिसे रोशन ने गोल में बदल दिया। इसे शायद इस टूर्नामेंट का 'सर्वश्रेष्ठगोल' कहा जा सकता है। इसी क्वार्टर में मोहित नायक ने रिवर्स फ्लिक के जरिए गोल करके मैनपाट की बढ़त को और मजबूत कर दिया।

इसके बाद राजधानी रॉयल्स की ओर से कुछ कमजोर खेल देखने को मिला, जिसका फायदा उठाते हुए प्रिंस ने गोल किया और मैनपाट टाइटन्स की बढ़त 4-2 हो गई। रॉयल्स के लिए यह मैच यहीं खत्म हो गया, क्योंकि वे कोई खास हमला नहीं कर पाए। रॉयल्स के लिए सबसे बड़ी समस्या यह रही कि वे पेनल्टी कॉर्नर को गोल में नहीं बदल सके। इसके जरिए वे कोई गोल नहीं कर पाए। मैनपाट टाइटन्स के मोहित नायक को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।