रायपुर

रायपुर के युवक ने 4 महीने तक समझा गर्लफ्रेंड, गांव पहुंचा तो निकला लड़का, 65 हजार का लगाया चूना

social media fraud: रायपुर के एक युवक को कथित तौर पर स्नैपचैट पर एक फ़र्ज़ी महिला प्रोफ़ाइल से चार महीने तक बातचीत करने के बाद ₹65,000 का चूना लगाया गया।
2 min read
Jul 18, 2026
Fake Girl Profile Scam
गर्लफ्रेंड समझकर युवक से करता रहा बात (photo source- AI)

Fake Girl Profile Scam: सोशल मीडिया के जरिए कई तरीकों से लोगों को ठगा जा रहा है। वर्तमान में लड़की बनकर चैटिंग करना और फिर ठगी करने के मामले सामने आ रहे हैं। मोवा इलाके में एक युवक से इसी तरह से ठगी हो गई। ठग ने स्नैपचैट में लड़की की आईडी बनाकर युवक से चैटिंग की। इसके बाद दोस्ती और शादी की बातें करने लगा। फिर अपनी समस्या बताकर युवक से रकम वसूलता गया। बाद में जब युवक ने मिलने की जिद की। उससे मिलने गरियाबंद पहुंचा, तब असलियत का पता चला। पीडि़त युवक ने इसकी शिकायत पुलिस में की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

marriage scam online: आरोपी लड़की बनकर 4 माह करता रहा चैटिंग

बिलासपुर का घनश्याम साहू मोवा इलाके के एक अस्पताल में काम करता है। अस्पताल के हॉस्टल में ही रहता है। 24 दिसंबर 2025 को मोबाइल ऐप स्नैपचैट में थनवी साहू नाम की आईडी से उसे मैसेज आया। इसके बाद दोनों के बीच चैटिंग होने लगी। शादी की बातें भी होने लगी। इस बीच थनवी उसे तरह-तरह की समस्याएं बताने लगीं। इसके लिए उससे पैसों की मांग करती थी। घनश्याम भी मदद के नाम पर उसे पैसे देने लगा। पैसे ऑनलाइन ही देता था।

इस तरह घनश्याम से थनवी 65 हजार रुपए ले चुकी थी। इस बीच घनश्याम थनवी से मिलने की जिद करने लगा। वह उससे मिलने गारियाबंद के ग्राम बासीन पहुंचा। वहां पता चला कि थनवी नाम की लड़की नहीं है, बल्कि थनवी के नाम से अमन साहू उससे चैटिंग करता था। उसी ने पैसे भी मंगवाए। इसका खुलासा होने पर घनश्याम ने पंडरी थाने में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी अमन के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी गांव से फरार है। पंडरी टीआई एसएन सिंह ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।

online friendship fraud: पहले भी कई मामले आ चुके हैं सामने

सोशल मीडिया में दोस्ती और शादी का झांसा देकर ठगी करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा मैरिज ब्यूरो, मैट्रीमोनियल साइट्स आदि के जरिए भी कई लोग ठगी के शिकार हो चुके हैं। कुछ दिन पहले ही आजादचौक इलाके के मनहरण टिकरिहा से 9 लाख रुपए से अधिक की ऑनलाइन ठगी हुई थी। मैरिज ब्यूरो के जरिए ‘रजनी शर्मा’ नाम की महिला से उनकी बातचीत हुई थी। महिला ने शादी का झांसा देकर पारिवारिक कार्यक्रम, एक्सीडेंट और इलाज के नाम पर उन्हें ठग लिया था।

Updated on:
18 Jul 2026 09:23 am
Published on:
18 Jul 2026 09:22 am