
रायपुर@अजय रघुवंशी।Raipur Master Plan 2031: राजधानी के नए मास्टर प्लान 2031 में शहर की 45 सड़कों का रोडमैप बदलने वाला है। आवास एवं पर्यावरण विभाग ने भविष्य की नई सड़क का नया नेटवर्क एक बार फिर नए सिरे से तैयार किया है। 45 सड़क मार्गों के संशोधन का प्रस्ताव सामने आया है। इसमें कहीं चौड़ाई 60 से बढ़ाकर 75 मीटर करने की तैयारी है तो कहीं पहले से प्रस्तावित मार्ग का पूरा अस्तित्व ही खत्म करने का प्रस्ताव है। जबकि चार मार्गों का अलाइनमेंट बदला जाएगा।
इसके अलावा कांदुल, सेजबहार और दतरेंगा को शहर से जोड़ने एमआर-84 के लिए 24 मीटर चौड़ा नया संपर्क मार्ग प्रस्तावित किया गया है। इनका असर कॉलोनियों, आउटर क्षेत्रों, जमीनों के उपयोग, भवन निर्माण की अनुमति और कनेक्टिविटी पर पड़ सकता है। खासकर उन क्षेत्रों के लिए यह महत्वपूर्ण है, जहां तेजी से आवासीय और व्यावसायिक विकास हो रहा है।
प्रस्तावित संशोधनों में सबसे बड़ी चौड़ाई एमआर-44 की सामने आई है। डूमरतराई से धमतरी मार्ग होते हुए बोरियाकला, डूंडा और भाठागांव की ओर जाने वाले इस मार्ग की चौड़ाई 60 मीटर से बढ़ाकर 75 मीटर करने का प्रस्ताव है। यह मार्ग आगे निवेश क्षेत्र की सीमा तक जाता है। शंकरनगर में एमआर-03 से शुरू होकर एमआर-02 के समानांतर रेलवे लाइन के दूसरी ओर, लाभांडी और जोरा होते हुए निवेश क्षेत्र की सीमा पार कर महासमुंद की ओर जाने वाला यह मार्ग भी महत्वपूर्ण है। एमआर-01 में गुढिय़ारी अंडरपास से फाफाडीह, बिलासपुर मार्ग, पंडरी और बलौदाबाजार मार्ग की ओर जाने वाले हिस्से शामिल हैं। इसकी प्रस्तावित चौड़ाई 50 मीटर रखी गई है।
मास्टर प्लान के एक अन्य हिस्से में 23 मार्गों की चौड़ाई में संशोधन प्रस्तावित है। इनमें एमआर-03, एमआर-04, एमआर-05, एमआर-10, एमआर-12, एमआर-13, एमआर-13ए, एमआर-14ए, एमआर-15, एमआर-22, एमआर-22ए, एमआर-23, एमआर-26ए, एमआर-27, एमआर-31, एमआर-38, एमआर-39, एमआर-42, एमआर-44, एमआर-48ए, एमआर-48बी और एमआर-52 शामिल हैं।
इस संशोधन का सबसे दिलचस्प पहलू सड़क विलोपन है। एमआर-80 और एमआर-81 को पूर्णत: विलोपित किए जाने का प्रस्ताव है। एमआर-80 डूमरतराई में एमआर-09 से शुरू होकर एमआर-01 को पार करते हुए एमआर-41 तक जाता है। वहीं एमआर-81 देवपुरी में एमआर-25 (अ) से शुरू होकर अमलीडीह और फुंडहर की ओर एमआर-41 तक प्रस्तावित था। इसके अलावा तीन मार्गों के आंशिक हिस्से विलोपित होंगे। इनमें आरआर-05, एमआर-78 और एमआर-63 शामिल हैं। एमआर-05 फुंडहर से शुरू होकर डूमरतराई, देवपुरी, डूंडा, बोरियाकला, भाठागांव, सेजबहार और अन्य क्षेत्रों से गुजरता है।
एक्सपर्ट के मुताबिक, बदलाव से अलग-अलग हिस्सों के बीच वैकल्पिक संपर्क विकसित हो सकता है। आउटर की कॉलोनियों और गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में मदद मिलेगी। सडक़ की चौड़ाई और दिशा स्पष्ट होने से भू-स्वामियों को निर्माण अनुमति और जमीन के उपयोग संबंधी मामलों में भी स्पष्टता मिल सकती है।
विनीत नायर, संयुक्त संचालक, ग्राम एवं नगर निवेश विभाग के मुताबिक, प्रस्तावित संशोधनों पर दावा-आपत्ति के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। शहर के तेजी से विस्तार और बढ़ती आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान में कई बदलाव प्रस्तावित किए गए हैं। इनका उद्देश्य भविष्य की शहरी जरूरतों के अनुरूप बेहतर नियोजन और आधारभूत सुविधाओं का विकास करना है।
विजय नत्थानी, लीगल एडवाइजर, क्रेडाई छत्तीसगढ़ के मुताबिक, मास्टर प्लान में किए गए नए प्रावधानों के ज्यादातर प्रस्ताव स्वागत योग्य हैं। अब जरूरी है कि संबंधित विभाग इनके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी ध्यान दें। योजनाओं और प्रस्तावों का वास्तविक लाभ तभी आम नागरिकों तक पहुंचेगा, जब विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से इन पर अमल करेंगे।