रायपुर

MBBS Admission: दूसरे राउंड में एमबीबीएस की 963 में 895 सीटों पर प्रवेश, बीडीएस की 360 में 234 सीटें भरीं

MBBS Admission: मेडिकल काउंसिलिंग में एमबीबीएस की 963 में 895 और बीडीएस की 360 में 234 सीटों पर प्रवेश हुआ। अब मापअप और स्ट्रे वेकेंसी राउंड बाकी है।
2 min read
Sep 23, 2026
MBBS Admission
MBBS Admission (Photo Patrika)

MBBS Admission in CG: छत्तीसगढ़ में मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए चल रही काउंसिलिंग के दूसरे राउंड की प्रक्रिया मंगलवार को पूरी हो गई। दूसरे राउंड में सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की आवंटित 963 सीटों में से 895 सीटों पर छात्रों ने प्रवेश ले लिया है। वहीं बीडीएस की 360 आवंटित सीटों में से 234 सीटों पर प्रवेश हुआ है। अब खाली रह गई सीटों को भरने के लिए मापअप और स्ट्रे वेकेंसी राउंड की प्रक्रिया बाकी है। काउंसिलिंग के दूसरे राउंड में छात्रों को सीट अपग्रेड और कॉलेज बदलने का अवसर दिया गया था। इसके लिए 1015 छात्रों ने अपग्रेड के लिए आवेदन किया था। इनमें से केवल 239 छात्रों का सीट या कॉलेज अपग्रेड हो सका, जबकि 776 छात्रों का अपग्रेड नहीं हो पाया।

2099 छात्रों को हुआ सीटों का आवंटन

दूसरे राउंड की काउंसिलिंग में कुल 2099 छात्रों को सीटों का आवंटन किया गया था। इनमें 1084 छात्रों को फ्रेश अलॉटमेंट मिला। वहीं, पहले से सीट प्राप्त कर चुके छात्रों में से कुछ ने कॉलेज या सीट अपग्रेड के लिए विकल्प भरा था। दूसरे राउंड की मेरिट सूची में 7179 छात्रों के नाम शामिल थे। इसके पहले राउंड की मेरिट सूची में 9194 छात्र शामिल किए गए थे। सीट आवंटन के बाद छात्रों को संबंधित कॉलेज में प्रवेश लेने के लिए 16 से 22 सितंबर तक का समय दिया गया था।

पहले राउंड में एमबीबीएस की 1873 सीटों पर प्रवेश

मेडिकल काउंसिलिंग के पहले राउंड में एमबीबीएस की 2175 सीटें आवंटित की गई थीं। इनमें से 1873 सीटों पर छात्रों ने प्रवेश लिया था। वहीं बीडीएस में 385 सीटें आवंटित की गई थीं, जिनमें 234 सीटों पर प्रवेश हुआ था। दूसरे राउंड में एमबीबीएस की सीटों पर प्रवेश की संख्या बढ़ने के बावजूद कुछ सीटें अभी खाली हैं। अधिकारियों के अनुसार बची हुई सीटों को आगामी काउंसिलिंग राउंड में भरने की प्रक्रिया की जाएगी।

नए मेडिकल कॉलेजों की स्टेट कोटे की सीटें फुल

काउंसिलिंग से जुड़े अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेजों में स्टेट कोटे की सीटें भर चुकी हैं। वहीं निजी मेडिकल कॉलेजों में अभी कुछ सीटें खाली हैं। इन सीटों को मापअप और इसके बाद स्ट्रे वेकेंसी राउंड के जरिए भरने की तैयारी है।

जल्द जारी होगी मापअप राउंड की मेरिट सूची

काउंसिलिंग कमेटी से जुड़े अधिकारियों के अनुसार अब मापअप राउंड की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए जल्द ही पात्र छात्रों की मेरिट सूची जारी की जाएगी। मेरिट सूची जारी होने के बाद उपलब्ध सीटों के आधार पर कॉलेज और सीट आवंटन की प्रक्रिया होगी। मापअप राउंड के बाद भी यदि कुछ सीटें खाली रह जाती हैं तो उन्हें स्ट्रे वेकेंसी राउंड के माध्यम से भरने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इस तरह मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया को अंतिम चरण तक ले जाकर बची हुई सीटों को भरने की तैयारी है।

Updated on:
23 Sept 2026 08:56 am
Published on:
23 Sept 2026 08:56 am