रायपुर

मानसून सत्र के पहले दिन चर्चा में आए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, पिंक ई-रिक्शा से पहुंचे विधानसभा, जनता से की ये अपील

Guru Khushwant Saheb: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन कैबिनेट मंत्री एवं रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब अपने अनोखे अंदाज को लेकर चर्चा में रहे।
2 min read
Jul 13, 2026
Chhattisgarh Cabinet Minister
पिंक ई-रिक्शा से पहुंचे विधानसभा (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)

Chhattisgarh Monsoon Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र के पहले ही दिन मंत्री गुरु खुशवंत साहेब अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में रहे। महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का संदेश देते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब विधायक ललित चंद्राकर के साथ पिंक ई-रिक्शा से विधानसभा पहुंचे। उनका यह कदम सदन परिसर में आकर्षण का केंद्र बना रहा।

मानसून सत्र की शुरुआत के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। पांच दिन तक चलने वाले इस सत्र में सरकार नौ संशोधन विधेयक पेश करेगी। वहीं विपक्ष किसानों की समस्याएं, नकटी गांव विवाद, कानून-व्यवस्था समेत कई अहम मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। इसी बीच मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का पिंक ई-रिक्शा से विधानसभा पहुंचना चर्चा का विषय बन गया।

महिलाओं के रोजगार और आत्मनिर्भरता पर दिया जोर

विधानसभा रवाना होने से पहले पत्रकारों से चर्चा करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पिंक ई-रिक्शा योजना (Pink E-Rickshaw) महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के जरिए महिलाओं को रोजगार का अवसर मिल रहा है और वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह योजना और अधिक महिलाओं के लिए रोजगार का बेहतर माध्यम बनेगी।

जनता से की खास अपील

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब (Guru Khushwant Saheb) ने प्रदेशवासियों से पिंक ई-रिक्शा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि लोग पिंक ई-रिक्शा में सफर करेंगे तो इनका संचालन करने वाली "पिंक दीदियों" की आय बढ़ेगी और उन्हें नियमित रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि समाज के सहयोग से भी मजबूत होता है। ऐसे में हर नागरिक को इस पहल में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।

महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश

मानसून सत्र (Chhattisgarh Monsoon Session 2026) के पहले दिन मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का यह कदम महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाली सरकारी पहल का संदेश देता नजर आया। विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले पिंक ई-रिक्शा से उनकी एंट्री पूरे दिन चर्चा में रही। राजनीतिक गतिविधियों के बीच उनका यह संदेश महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और आम जनता को इस अभियान का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करने वाला माना जा रहा है।

Updated on:
13 Jul 2026 12:31 pm
Published on:
13 Jul 2026 12:30 pm