
रायपुर@हिमांशु शर्मा। Chhattisgarh Smart Ration System: छत्तीसगढ़ की धान खरीदी और सार्वजनिक वितरण प्रणाली की व्यवस्थाओं को अब नेपाल भी समझेगा। राज्य में धान खरीदी से लेकर राशन वितरण तक अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों और व्यवस्थाओं का अध्ययन करने नेपाल से 15 सदस्यीय टीम शनिवार को रायपुर पहुंच गई है। विश्व खाद्य कार्यक्रम (वर्ल्ड फूड प्रोग्राम) की पहल पर आई यह टीम 21 और 22 नवंबर को दो दिनों तक खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न केंद्रों और संस्थानों का दौरा करेगी। इस दौरान टीम के सदस्य छत्तीसगढ़ की धान खरीदी व्यवस्था, राशन एटीएम मशीन और राइस मिलों की कार्यप्रणाली को करीब से समझेंगे।
दौरे के दौरान नेपाल की टीम धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करेगी। यहां किसानों से धान खरीदी, पंजीयन, तौल, रिकॉर्ड संधारण और खरीदे गए धान के प्रबंधन की प्रक्रिया समझाई जाएगी। टीम यह भी जानेगी कि धान खरीदी की पूरी व्यवस्था को सुचारु बनाने में तकनीक की क्या भूमिका है और इससे किसानों को किस तरह सुविधाएं मिलती हैं।
टीम के अध्ययन का एक प्रमुख हिस्सा राशन एटीएम मशीन भी होगी। इसके जरिए हितग्राहियों को राशन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया, मशीन के संचालन और वितरण व्यवस्था में इसके उपयोग की जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों द्वारा बताया जाएगा कि राशन एटीएम से हितग्राहियों को किस तरह सुविधा मिलती है और राशन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने में यह तकनीक कैसे मददगार है।
साथ ही टीम राइस मिलों का दौरा कर धान की मिलिंग, चावल तैयार करने, गुणवत्ता नियंत्रण और भंडारण से जुड़ी व्यवस्थाओं को समझेगी। खाद्य विभाग के अधिकारी छत्तीसगढ़ में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं के फायदे, काम करने के तरीके साझा करेंगे।
इस दौरे का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में खाद्यान्न प्रबंधन और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अपनाए जा रहे तरीकों को समझना है। नेपाल की टीम यहां की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर यह जानने का प्रयास करेगी कि वहां की जरूरतों और परिस्थितियों के अनुसार इन मॉडलों का उपयोग किस तरह किया जा सकता है। इससे खाद्य सुरक्षा, धान खरीदी और राशन वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दोनों देशों के बीच अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।
भूपेंद्र मिश्रा, खाद्य नियंत्रक रायपुर के मुताबिक, दो दिन के लिए नेपाल से 15 लोगों की टीम रायपुर आ रही है। उन्हें धान खरीदी, राशन एटीएम केंद्र और राइस मिल ले जाया जाएगा। इस दौरान धान खरीदी से लेकर राशन वितरण तक की जानकारी, तकनीक और सुविधा बताई जाएगी। हो सकता है आने वाले समय में वे अपने देश यहां की प्रणाली को लागू करें।