रायपुर

एक्सक्लूसिव: छत्तीसगढ़ सरकार का AI मास्टर प्लान! डेटा लैब से लेकर ट्रेनिंग तक, छात्रों और कर्मचारियों को मिलेगी ट्रेनिंग

AI Data Lab Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ सरकार AI मिशन लागू करने की तैयारी में है। नए डेटा लैब खुलेंगे, 1500 से अधिक पेशेवरों और 800 से ज्यादा सरकारी कर्मचारियों को AI प्रशिक्षण मिलेगा।
2 min read
Jul 26, 2026
Chhattisgarh AI Mission
Chhattisgarh AI Mission: प्रदेश में खुलेंगे डेटा लैब (photo source- AI Image)

@राहुल जैन/Chhattisgarh AI Mission: प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ एआई मिशन लागू करने की तैयारी कर रही है। इसके लागू होते ही प्रदेश में एआई आधारित डेटा लैब खुलने की राह आसान होगी। विद्यार्थियों और कर्मचारियों को एआई का प्रशिक्षण देकर तैयार किया जाएगा, ताकि छत्तीसगढ़ में बड़े आईटी राज्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर सके। सरकार का मानना है कि एआई केवल तकनीक तक सीमित न रहे, बल्कि विकास का नया इंजन भी बनें।

एआई केवल सरकारी फाइलों या प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम नागरिकों, छात्रों, उद्यमियों, स्टार्टअप और सरकारी सरकारी विभागों के कामकाज का हिस्सा बनेगा। सरकार ने अपने विजन में स्पष्ट कहा है कि वह एक नवाचार-प्रधान और एआई-सक्षम छत्तीसगढ़ का निर्माण करना चाहती है। छत्तीसगढ़ एआई मिशन को सरकार मिशन @2047 का लक्ष्य हासिल करने के लिए बड़े हथियार के तौर पर इस्तेमाल करेगी।

Artificial Intelligence Chhattisgarh: यह है एआई मिशन का उद्देश्य

राज्य में नवाचार, सुशासन, आर्थिक विकास और सामाजिक प्रगति को गति देना। इसके लिए सरकार आम नागरिकों, सरकारी विभागों, व्यवसायों, एमएसएमई, स्टार्टअप और शैक्षणिक संस्थानों को सुरक्षित, विश्वसनीय और उत्तरदायी एआई क्षमताओं से सशक्त बनाने की योजना पर काम कर रही है। यह केवल एक तकनीकी परियोजना नहीं, बल्कि उस भविष्य की रूपरेखा है, जिसमें सरकारी सेवाएं अधिक स्मार्ट होंगी, निर्णय अधिक डेटा-आधारित होंगे और स्थानीय युवाओं को नई अर्थव्यवस्था में अवसर मिलेंगे।

यह है कार्ययोजना

  • एआई डाटा लैब की स्थापना।
  • शोध एवं स्टार्टअप सहायता के लिए सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना।
  • विद्यार्थियों को एआई प्रशिक्षण का लक्ष्य।
  • कर्मचारियों को एआई प्रशिक्षण का लक्ष्य
  • शोध एवं एकेडमिक सहयोग।
  • प्रतिभाओं के पलायन रोकने में मिलेगी मदद

राज्य के हजारों युवा आज बेहतर तकनीकी अवसरों की तलाश में बेंगलुरु, पुणे और हैदराबाद जैसे शहरों की ओर रुख करते हैं। एआई मिशन इस प्रवृत्ति को बदलने की कोशिश करता दिखाई देता है। यदि एआई डेटा लैब, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और प्रशिक्षण कार्यक्रम योजनानुसार विकसित होते हैं, तो छात्रों को अत्याधुनिक तकनीक सीखने के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता कम हो सकती है। स्थानीय स्तर पर शोध, नवाचार और उद्योग से जुड़ने के अवसर बढ़ेंगे। प्रतिभाओं का पलायन रोकने में मदद मिलेगी।

चार सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप के लिए एमओयू

  • फोकस क्षेत्र- लक्ष्य- कुल लागत
  • आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रायपुर- 50 स्टार्टअप व 500 प्रोफेशन को प्रशिक्षण- 40 करोड़
  • जड़ी-बूटी व वनोपज आधारित मेडटेक- 30 स्टार्टअप व 300 प्रोफेशन को प्रशिक्षण- 35 करोड़
  • स्मार्ट सिटी तकनीक नवा रायपुर- 30 स्टार्टअप व 500 प्रोफेशन को प्रशिक्षण- 16 करोड़
  • स्मार्ट कृषि- 30 स्टार्टअप- 14.30 करोड़

AI Startup Chhattisgarh: एआई और सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख काम

  • एनआईटी रायपुर के प्रमुख रिसर्च और डेवलपमेंट क्षेत्र खनन, कृषि, स्वास्थ्य तथा टि्रपलआईटी नवा रायपुर के क्षेत्र ऊर्जा, शिक्षा, प्रशासन क्षेत्र में काम।
  • 4 वर्षों में 75 से अधिक शोध का प्रकाशन।
  • 48 स्टार्टअप का इनक्यूबेशन।
  • 10 उद्योगों से साझेदारी।
  • 16 हैकाथॉन का आयोजन करना।
  • राज्यभर में 1500 से अधिक पेशेवरों तथा 800 से अधिक सरकारी कर्मचारियों को एआई में प्रशिक्षण।
  • 12 से अधिक सरकारी विभागों में एआई का उपयोग।

भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभाग ने एआई को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है। छत्तीसगढ़ एआई मिशन के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप एवं शासकीय अधिकारियों के लिए एआई आधारित कौशन विकास एवं अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाएगा- अंकित आनंद, सचिव, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग

Updated on:
26 Jul 2026 06:49 am
Published on:
26 Jul 2026 06:48 am