
New LPG Gas Connection: दुनिया के नक्शे पर चल रही जंग की तपिश अब आम आदमी की रसोई तक पहुंच चुकी है। अमरीका और ईरान के बीच जारी युद्ध के असर से घरेलू गैस आपूर्ति और नए कनेक्शन की प्रक्रिया अबतक प्रभावित हैं। इसका सबसे ज्यादा खामियाजा रायपुर में रहने वाले छात्रों, नौकरीपेशा युवाओं और किरायेदारों को भुगतना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग करीब नौ महीने से नए घरेलू गैस कनेक्शन के लिए गैस एजेंसियों और संबंधित विभागों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक राहत नहीं मिल पाई है।
घरेलू सिलेंडर की जगह महंगा विकल्प: नए कनेक्शन की मांग लेकर पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को एजेंसियों की ओर से 14.2 किलो, कीमत 1013 रुपए वाले सामान्य घरेलू सिलेंडर के बजाए 10 किलो वाले प्रीमियम सिलेंडर (फाइबर बॉडी), कीमत 900 रुपए, का विकल्प दिए जाने की शिकायतें हैं। इसमें भी प्रीमियम सिलेंडर की शुरुआती कीमत करीब 5 हजार रुपए तक है।
पुष्पा (छात्रा) का कहना है कि बाहर का खाना खाने से हर महीने बजट बिगड़ रहा है। वहीं, किराएदारों के लिए भी रसोई का खर्च संभालना मुश्किल हो रहा है। लोगों की मांग है कि नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया जल्द सामान्य की जाए और लंबित आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए। क्योकि इसकी आंच से शहर के हजारों परिवारों की रसोई प्रभावित हो रही है। जबकि बाजार में सिलेंडर की कोई किल्लत नहीं है। गोदामों में पर्याप्त स्टॉक है, फिर भी नया कनेक्शन नहीं दिया जा रहा।
गैस एजेंसियों और संबंधित विभागों में नए कनेक्शन के लिए आए दिन आवेदन पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद लंबित आवेदनों का आंकड़ा सैकड़ों में बताया जा रहा है। आवेदकों का कहना है कि एजेंसियों से संपर्क करने पर नए कनेक्शन जारी करने में असमर्थता बताई जाती है।
भूपेंद्र मिश्रा, खाद्य नियंत्रक रायपुर के मुताबिक, अब तक नया कनेक्शन देना शुरू नहीं हुआ है, शासन स्तर से इसको लेकर कोई आदेश नहीं आया है।