रायपुर

Paperless Lab Test: रायपुर एम्स में टेस्ट के लिए पर्ची का झंझट खत्म, डॉक्टर के लिखते ही सीधे लैब पहुंचेगी जानकारी

Paperless Lab Test: AIIMS रायपुर में पेपरलेस लैब टेस्ट सुविधा शुरू। अब डॉक्टर के जांच लिखते ही जानकारी सीधे लैब पहुंचेगी।
2 min read
Jul 21, 2026
Paperless Lab Test
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर (Photo AI)

Digital Lab Test System: पीलूराम साहू। एम्स के मरीजों को लैब टेस्ट कराने के लिए पर्ची के झंझट से मुक्ति मिल गई है। मरीजों को अब पर्ची लेकर भटकना नहीं पड़ेगा। साथ ही ओपीडी में इलाज कराने वालों को भी खून की जांच के लिए कतार में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यहां पेपरलेस लैब टेस्ट की सुविधा शुरू हो गई है। एम्स ने डोम-एक फलेबोटोमी ज़ोन का अपग्रेडेशन किया है। नई सुविधा का उद्घाटन कार्यपालक निदेशक डॉ. अशोक जिंदल ने किया।

ओपीडी मरीजों के लिए पेपरलेस लैब टेस्ट

सेंट्रल एयर कंडीशनिंग प्रणाली की स्थापना तथा मरीजों की सुविधाओं में सुधार के बाद फलेबोटोमी ज़ोन को पुनः रेनोवेट डोम एक में स्थानांतरित किया गया है। इस नई सुविधा की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता ओपीडी मरीजों के लिए पेपरलेस लैब टेस्ट रिक्विजिशन प्रणाली है। अब मरीजों को ओपीडी से फलेबोटोमी ज़ोन तक प्रयोगशाला जांच के लिए प्रिंटेड पर्ची लेकर आने की आवश्यकता नहीं होगी। डॉक्टर द्वारा जांच की इलेक्ट्रॉनिक अनुशंसा करते ही उसकी जानकारी सीधे डिजिटल माध्यम से प्रयोगशाला सूचना प्रणाली तक पहुंच जाएगी। इसके बाद मरीज सीधे फलेबोटोमी काउंटर पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकेंगे। यहां कर्मचारी कंप्यूटर पर जांच विवरण देखकर बारकोड तैयार करेंगे।

जांच पर्ची खोने का डर होगा खत्म

इस नई व्यवस्था से कागज़ी कार्यवाही में कमी आएगी। मरीजों का प्रतीक्षा समय घटेगा, जांच पर्ची खोने की समस्या समाप्त होगी तथा परामर्श से लेकर नमूना संग्रह तक की पूरी प्रक्रिया अधिक सरल और सुगम बनेगी। साथ ही यह डिजिटल प्रणाली जांच की सटीकता एवं कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ-साथ कागज़ की खपत कम कर पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देगी। डॉ. जिंदल ने कहा कि एम्स मरीजों को सरल, तेज़ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार डिजिटल तकनीकों को अपनाने के साथ- साथ अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं का भी आधुनिकीकरण कर रहा है।

मरीजों को मिलेगी तेज और बेहतर स्वास्थ्य सेवा

मरीजों को सरल, तेज और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक डिजिटल तकनीकों को अपना रहा है। अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं का भी लगातार आधुनिकीकरण किया जा रहा है ताकि मरीजों को कम समय में अधिक सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।पेपरलेस लैब टेस्ट प्रणाली एम्स रायपुर की डिजिटल हेल्थकेयर पहल का महत्वपूर्ण कदम है, जिससे ओपीडी में आने वाले हजारों मरीजों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और जांच प्रक्रिया पहले से अधिक पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक बनेगी।

Updated on:
21 Jul 2026 05:35 pm
Published on:
21 Jul 2026 05:34 pm