
रायपुर@पीलूराम साहू। Chhattisgarh Nursing Admission 2026: बीएससी की 5033, एमएससी 513 व पोस्ट बेसिक की 520 खाली सीटों में प्रवेश के लिए 30 नवंबर तक आखिरी मौका है। इंडियन नर्सिंग काउंसिल (आईएनसी) से प्रवेश की तिथि में वृद्धि के बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग ने शेड्यूल जारी कर दिया है। अब बीएससी में व्यापमं द्वारा आयोजित इंट्रेंस परीक्षा में 10 परसेंटाइल पाने वाली छात्राएं भी प्रवेश के लिए पात्र होंगी। राज्य शासन ने इसकी अनुमति दे दी है। महाराष्ट्र में जीरो परसेंटाइल पर प्रवेश दिया गया है।
प्रदेश में नर्सिंग कोर्स की खाली सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे व तीसरे (मॉपअप) चरण की काउंसिलिंग संयुक्त रूप से की जाएगी है। छात्र-छात्राएं ऑनलाइन आवेदन 20 से 22 नवंबर दोपहर 2 बजे तक कर सकेंगे। संयुक्त काउंसिलिंग में बीएससी, एमएससी, पोस्ट बेसिक, पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग कोर्स की सीटें शामिल हैं।
पहले से पंजीकृत पात्र अभ्यर्थी भी संस्था और विषय का दोबारा चयन कर सकेंगे। संयुक्त काउंसिलिंग में भाग लेने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों को अपने विकल्प दोबारा भरकर लॉक करना अनिवार्य होगा। पहले चरण में प्रवेश ले चुके पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार सीट अपग्रेडेशन का विकल्प भी मिलेगा।
कई गुटों में बंटे निजी नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन ने अलग-अलग स्वास्थ्य मंत्री, सीएम के सचिव व अन्य अधिकारियों से मिलकर खाली सीटों को भरने के लिए गुहार लगाई थी। दरअसल इस साल मान्यता व एफिलिएशन में देरी के कारण काउंसिलिंग देरी से शुरू हुई थी। इस कारण आधी से ज्यादा सीटें खाली रह गईं थी। कई गुटों में बंटे पदाधिकारी प्रवेश की तारीख बढ़ाए जाने के लिए दबाव बना रहे थे। वे इसमें सफल भी रहे। 30 नवंबर के बाद भी खाली सीटें रहने पर प्रवेश की तारीख बढ़ाने के लिए दबाव बनाया जा सकता है।