रायपुर

PM Modi Diwali 2026: कभी नक्सलियों का था खौफ, अब जवानों संग दिवाली मनाएंगे PM मोदी, एक्स पर पोस्ट कर दी दौरे की जानकारी

PM Modi Bastar Visit: नक्सली हिंसा के लिए कभी देशभर में चर्चा में रहने वाला बस्तर अब विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। इसी बदलते बस्तर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार जवानों के साथ दीपावली मनाने पहुंचेंगे।
3 min read
• •
Updated: 8 Nov 2026, 11:28 AM IST
PM narendra Modi
पीएम नरेंद्र मोदी(फोटो-ANI)

PM Modi Chhattisgarh Visit: कभी नक्सली हिंसा और दहशत के लिए पहचाने जाने वाले बस्तर की तस्वीर अब तेजी से बदल रही है। जिस इलाके में कभी नक्सलियों का प्रभाव और डर का माहौल था, वहां अब विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। सड़क, स्कूल और बुनियादी सुविधाएं दूरस्थ इलाकों तक पहुंच रही हैं। इसी बदलते बस्तर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार दीपावली का त्योहार छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षाबलों के साथ मनाने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपने इस दौरे की जानकारी दी है।

प्रधानमंत्री का यह दौरा कई मायनों में खास माना जा रहा है। पहली बार नरेंद्र मोदी दिवाली के अवसर पर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे और जवानों के बीच त्योहार मनाएंगे। वहीं, प्रधानमंत्री बनने के बाद यह लगातार 13वां मौका होगा, जब वे देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ दीपावली मनाएंगे। हालांकि, उनके दौरे को लेकर अभी तक छत्तीसगढ़ भाजपा के कई बड़े नेताओं और अधिकारियों को भी विस्तृत जानकारी नहीं होने की बात सामने आ रही है। इस बीच चर्चा है कि प्रधानमंत्री बस्तर के करनपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप पहुंच सकते हैं।

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर दी दौरे की जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि वे दीपावली के अवसर पर बस्तर जा रहे हैं। उन्होंने अपने संदेश में बस्तर में आए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में कभी नक्सलवाद का प्रभाव था, वहां अब विकास तेजी से आगे बढ़ रहा है।

पीएम मोदी ने लिखा, "हमारे बहादुर सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाने के लिए बस्तर जा रहा हूं। यह एक ऐसा इलाका है जहां कभी नक्सलवाद का बोलबाला था और अब विकास फल-फूल रहा है। मैं हमारे बहादुर सुरक्षा कर्मियों को उनके बलिदान, निस्वार्थ सेवा और देश के प्रति अटूट समर्पण के लिए सलाम करने जा रहा हूं।"

प्रधानमंत्री ने अपने दूसरे संदेश में भी बस्तर के बदलाव को रेखांकित किया। उन्होंने लिखा कि कल तक जहां नक्सलियों का कहर था, वहां आज विकास की बहार है। उन्होंने देश की सुरक्षा में तैनात वीर जवानों के बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने की बात कही। इससे पहले प्रधानमंत्री ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर सभी को दीपावली की असीम शुभकामनाएं दीं।

करनपुर CRPF कैंप पहुंचने की संभावना, तैयारियां तेज

प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे को लेकर करनपुर कैंप का नाम चर्चा में है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक भी आज बस्तर दौरे पर पहुंच रहे हैं। उनके करनपुर कैंप का निरीक्षण करने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसी कैंप में पहुंचकर जवानों के साथ दीपावली मना सकते हैं।

हालांकि, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का विस्तृत आधिकारिक मिनट-टू-मिनट शेड्यूल अभी सामने नहीं आया है। उनके संभावित आगमन को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और तैयारियां तेज की जा रही हैं। बस्तर में प्रधानमंत्री का जवानों के बीच पहुंचना इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह क्षेत्र लंबे समय तक नक्सली हिंसा और सुरक्षा चुनौतियों से प्रभावित रहा है। नक्सलवाद के खिलाफ अभियान और क्षेत्र में विकास की गतिविधियों के बीच प्रधानमंत्री का यह दौरा सुरक्षाबलों का मनोबल बढ़ाने के साथ बस्तर में आए बदलाव का संदेश भी माना जा रहा है।

2025 में INS विक्रांत पर नौसैनिकों के साथ मनाई थी दिवाली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले कई वर्षों से दीपावली का त्योहार देश की सीमाओं और सुरक्षा में तैनात जवानों के बीच मनाते आ रहे हैं। वर्ष 2025 में उन्होंने गोवा में स्वदेशी विमानवाहक पोत INS विक्रांत पर नौसैनिकों के साथ दीपावली मनाई थी।

इससे पहले वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री गुजरात के कच्छ पहुंचे थे। यहां उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (BSF), थल सेना, नौसेना और वायुसेना के जवानों के साथ त्योहार मनाया था। इस दौरान उन्होंने जवानों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया था। प्रधानमंत्री का अलग-अलग सीमावर्ती और रणनीतिक क्षेत्रों में पहुंचकर जवानों के साथ त्योहार मनाना उनकी एक खास परंपरा बन चुकी है।

2014 से लगातार जवानों के बीच दिवाली मना रहे पीएम मोदी

नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद वर्ष 2014 से ही दीपावली का त्योहार जवानों के साथ मनाने की परंपरा शुरू की। वर्ष 2014 से 2025 के बीच वे 12 बार देश के अलग-अलग सीमावर्ती और रणनीतिक क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षाबलों के साथ दीपावली मना चुके हैं।

इन वर्षों में प्रधानमंत्री सबसे अधिक तीन बार जम्मू-कश्मीर पहुंचे। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में भी दो-दो बार जवानों के बीच दिवाली मनाई। हर बार उनका यह दौरा देश की सुरक्षा में तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान और उनके योगदान को याद करने के अवसर के रूप में देखा गया। इस बार बस्तर पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार छत्तीसगढ़ में जवानों के साथ दीपावली मनाएंगे। ऐसे में उनका यह संभावित दौरा छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक और बस्तर के बदलते हालात के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Updated on:
8 Nov 2026, 11:28 AM IST
Published on: