Monsoon In Chhattisgarh: प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिसके चलते मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।
Pre-Monsoon 2026: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले पांच दिनों तक बारिश के साथ आंधी-तूफान और गरज-चमक की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने से प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। इस दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बिजली गिरने, गरज-चमक और बारिश की संभावना भी बनी हुई है। आने वाले दिनों में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
बेमेतरा जिले के नवागढ़ ब्लॉक के ग्राम कटई में इस बार भी एक खास दृश्य देखने को मिला है। लगभग 200 की संख्या में साइबेरियन पक्षियों का दल 30 मई को गांव पहुंचा। माना जाता है कि ये प्रवासी पक्षी मानसून के संकेत लेकर आते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले दो दशकों से इन पक्षियों का आगमन शुभ संकेत माना जाता है। ये पक्षी जून से दिसंबर-जनवरी तक यहां रुकते हैं और तालाबों, नदियों में भोजन की तलाश करते हैं। प्रजनन के बाद इनके बच्चे उड़ान भरने में सक्षम हो जाते हैं, जिसके बाद ये अपने मूल स्थान लौट जाते हैं।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है, जिससे अधिकतम तापमान में 1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है, जिसके बाद हल्की बढ़ोतरी संभव है।
बारिश के बावजूद कुछ जिलों में गर्मी का असर भी देखने को मिला है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। यहां बादल छाए रहने, गरज-चमक, धूलभरी आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। तापमान लगभग 42 डिग्री अधिकतम और 26 डिग्री न्यूनतम रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिन प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। कहीं तेज बारिश तो कहीं तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।