
NEET UG Re Exam: छत्तीसगढ़ के रायपुर में NEET-UG री-एग्जाम के दौरान एक अनोखा मामला सामने आया। रायपुर सेंट्रल जेल में बंद आरोपी छात्र कुणाल तरुणकर ने भी दोबारा आयोजित नीट परीक्षा में हिस्सा लिया। हाईकोर्ट के आदेश के बाद उसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया। कुणाल को रायपुर के WRS कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्र लाया गया, जहां उसने परीक्षा दी। जेल में बंद होने के बावजूद कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद उसे मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिला।
जानकारी के अनुसार, रायपुर के शिवानंद नगर निवासी कुणाल तरुणकर को NEET-UG री-एग्जाम में शामिल होने की अनुमति हाईकोर्ट के आदेश के बाद मिली थी। इसके बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था की। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। आरोपी छात्र ने तय नियमों के अनुसार परीक्षा में हिस्सा लिया।
कुणाल तरुणकर एक युवती की आत्महत्या के मामले में रायपुर सेंट्रल जेल में बंद है। उस पर युवती को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक, 20 अप्रैल को 20 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को मृतका की डायरी में लिखे कथित सुसाइड नोट और मोबाइल फोन से मिले कुछ साक्ष्यों के आधार पर कुणाल की भूमिका संदिग्ध मिली थी।
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि वह युवती पर मिलने का दबाव बनाता था और उसके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करता था। आरोप है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने आत्मघाती कदम उठाया। इस मामले में पुलिस ने कुणाल तरुणकर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत कार्रवाई की है। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
पेपर लीक विवाद के बाद आयोजित NEET-UG री-एग्जाम में देशभर के कई अभ्यर्थी शामिल हुए। इसी बीच रायपुर में जेल में बंद आरोपी छात्र के परीक्षा देने का मामला चर्चा में रहा। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद उसे परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया गया।