रायपुर

Ticket Checking Campaign: बिना टिकट सफर पड़ गया भारी! भाटापारा में 202 यात्री पकड़े गए, रेलवे ने वसूले 2.49 लाख रुपए

Without Ticket Travel: भाटापारा रेलवे स्टेशन पर रेलवे की ओर से विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों और 14 ट्रेनों में हुई जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट, अधिक लगेज और अनाधिकृत वेंडिंग से जुड़े कुल 316 मामले सामने आए।
2 min read
Sep 19, 2026
Bhatapara Railway Station
विशेष टिकट चेकिंग अभियान (फोटो सोर्स- पत्रिका)

रायपुर@हिमांशु शर्मा। Railway Ticket Checking: रेलवे की ओर से यात्रियों को बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने से रोकने के उद्देश्य से भाटापारा रेलवे स्टेशन और यहां से गुजरने वाली ट्रेनों में विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों के साथ ही 14 ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। इस दौरान अलग-अलग अनियमितताओं के कुल 316 मामले दर्ज किए गए, जिनसे रेलवे को कुल 2 लाख 49 हजार 275 रुपए राजस्व प्राप्त हुआ।

रेलवे के इस विशेष अभियान में बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ अनियमित टिकट पर सफर करने वालों, निर्धारित सीमा से अधिक लगेज लेकर चलने वाले यात्रियों और अनाधिकृत रूप से सामान बेचने वाले वेंडरों पर भी कार्रवाई की गई।

बिना टिकट यात्रा करने वाले 202 यात्री पकड़े गए

अभियान के दौरान सबसे अधिक मामले बिना टिकट यात्रा से जुड़े सामने आए। जांच के दौरान 202 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए। इन यात्रियों से रेलवे की ओर से कुल 1 लाख 89 हजार 800 रुपए का राजस्व प्राप्त किया गया। रेलवे की जांच टीम ने यात्रियों को बिना टिकट यात्रा नहीं करने और यात्रा से पहले निर्धारित टिकट लेने की समझाइश भी दी।

अनियमित टिकट के 71 मामले

जांच के दौरान 71 यात्री अनियमित टिकट लेकर यात्रा करते पाए गए। इन मामलों में रेलवे ने कुल 50 हजार 775 रुपए राजस्व प्राप्त किया। रेलवे की ओर से यात्रियों से अपील की गई कि वे अपनी यात्रा के अनुसार सही श्रेणी और वैध टिकट लेकर ही ट्रेन में सफर करें, ताकि जांच के दौरान उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।

अधिक लगेज लेकर चलने वालों पर भी कार्रवाई

टिकट जांच के दौरान रेलवे की टीम ने यात्रियों के सामान की भी जांच की। इस दौरान निर्धारित सीमा से अधिक लगेज लेकर यात्रा करने वाले 41 मामले सामने आए। इन यात्रियों से रेलवे को कुल 4 हजार 700 रुपए राजस्व प्राप्त हुआ। रेलवे लगातार यात्रियों से निर्धारित मात्रा में ही सामान लेकर यात्रा करने की अपील करता रहा है।

दो अनाधिकृत वेंडर भी पकड़े गए

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अनाधिकृत रूप से सामान बेचने वालों पर भी कार्रवाई की गई। जांच टीम ने 2 अनाधिकृत वेंडरों को पकड़ा, जिनसे कुल 4 हजार रुपए राजस्व प्राप्त किया गया। रेलवे की ओर से स्टेशनों और ट्रेनों में बिना अनुमति खाद्य सामग्री या अन्य सामान बेचने वालों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई की जाती है।

25 से ज्यादा टिकट चेकिंग स्टाफ रहे मौजूद

भाटापारा स्टेशन पर चलाए गए इस विशेष टिकट चेकिंग अभियान में रेलवे के अधिकारियों समेत 25 से अधिक टिकट चेकिंग स्टाफ शामिल रहे। इसके अलावा आरपीएफ के 4 जवानों ने भी अभियान में सहयोग किया। टीम ने स्टेशन के अलग-अलग प्लेटफार्मों के साथ ट्रेनों में पहुंचकर यात्रियों के टिकटों की जांच की।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के टिकट जांच अभियान का उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए जागरूक करना और बिना टिकट अथवा अनियमित तरीके से यात्रा करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना है। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों और अनाधिकृत वेंडरों के खिलाफ रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई की गई।

Updated on:
19 Sept 2026 04:07 pm
Published on:
19 Sept 2026 04:07 pm