
Water Project: पुरानी धमतरी रोड पर डूंडा में सरकारी स्कूल के पास 10 एकड में नया 150 एमएलडी फिल्टर प्लांट की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। खारुन नदी के काठाडीह में इसके लिए एक अलग से इंटेकवेल, सब स्टेशन, रॉ वाटर पाइप लाइन बिछेगी। इस नए फिल्टर प्लांट को बनाने में 183 करोड़ रुपए खर्च होंगे, फिर 2040 तक शहर के लोगों को पेयजल आपूर्ति करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। ऐसा प्लान किया गया है।
महापौर मीनल चौबे ने मंगलवार को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का जायजा लिया और मौके पर मौजूद निगम के अफसरों से पूरी जानकारी ली। महापौर को अधिकारियों ने बताया कि पुराने रावणभाठा फिल्टर प्लांट से 15 टंकियों को भरने और आपूर्ति करने का दबाव कम हो जाएगा। क्योंकि इन टंकियों को नए डूंडा फिल्टर प्लांट से भरा जाएगा। साथ ही पीडब्ल्यूडी एवं अन्य शासकीय विभागों की एनओसी (अनापत्ति प्रमाणपत्र) की जानकारी अधिकारियों से मांगी।
राजधानी की लगातार बढ़ती बसाहट और आबादी को देखते हुए महापौर मीनल चौबे ने डूंडा में नया फिल्टर प्लांट निर्माण कराने का प्रस्ताव पारित किया है। इसके लिए 182 करोड़ रुपए की स्वीकृति भी राज्य शासन से मिल गई है। नए फिल्टर प्लांट में माना नहर से पानी भरेगा। महापौर ने खारुन नदी में कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय के पास लगभग 16 मीटर व्यास का इंटकवेल, जिसमें 33 केवी का सब स्टेशन एप्रोच ब्रिज के साथ बनाए जाने एवं माना मुख्य नहर से रॉ वाटर पाइप लाइन बिछाने के काम का निरीक्षण किया।
महापौर ने निरीक्षण के दौरान इंटेकवेल से दतरेंगा, कान्दुल होते हुए डुंडा तक 1200 एमएम व्यास की 6.5 किमी पाइप लाइन के रास्ते का जायजा लिया और इस संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान किसी तरह की रुकावट बीच में न आए, इसलिए सभी संबंधित विभागों से एनओसी ( अनापत्ति प्रमाणपत्र ) जरूर लेने का निर्देश दिया।
फिल्टर प्लांट की क्षमता 2040 तक राजधानी की बसाहट और आबादी के मद्देनजर बढ़ाने के प्लान के तहत डूंडा में 150 एमएलडी नया प्लांट तैयार कराने का काम शुरू किया गया है। अभी 46 टंकियों से जलापूर्ति रावणभाठा प्लांट से किया जा रहा है। 12 नई टंकियों का निर्माण और होना है। रावणभाठा पुराने प्लांट से 15 टंकियों से जलापूर्ति का प्रेशर आने वाले समय में कम होगा।
नरसिंह फरेंद्र, कार्यपालन अभियंता, जल बोर्ड