रायपुर

जरूरी है ऐसी सख्ती! प्रॉपर्टी Tax पर रायपुर नगर निगम का फोकस, एक दिन में की 1.13 करोड़ों रुपए की वसूली

Raipur Nagar Nigam: रायपुर नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में रिकॉर्ड बनाया है। विशेष अभियान के तहत 515 लोगों से एक दिन में 1.13 करोड़ रुपए से ज्यादा टैक्स जमा कराया गया। निगम ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया है।

2 min read
Jun 13, 2026
Raipur Property Tax Recovery
Raipur Property Tax Recovery: प्रॉपर्टी टैक्स पर रायपुर नगर निगम का फोकस(photo-patrika)

Raipur Property Tax Recovery: छत्तीसगढ़ के रायपुर नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष अभियान के तहत निगम ने एक ही दिन में 515 संपत्ति करदाताओं से 1 करोड़ 13 लाख 41 हजार 532 रुपए की राशि जमा कराई है। यह निगम की अब तक की बड़ी वसूली में शामिल है। अधिकारियों के अनुसार, लगातार निगरानी और अभियान की वजह से टैक्स जमा करने वालों की संख्या बढ़ी है। निगम का कहना है कि इस राजस्व से शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कामों को गति मिलेगी।

Raipur Municipal Corporation: आयुक्त के लक्ष्य के बाद तेज हुई कार्रवाई

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने राजस्व विभाग को हर दिन 1 करोड़ रुपए वसूली का लक्ष्य दिया था। इसके बाद राजस्व अमले ने बड़े बकायादारों पर फोकस करते हुए अभियान को तेज किया। अधिकारियों की लगातार मॉनिटरिंग के बाद अब इसका असर देखने को मिला है।

छूट योजना का भी उठाया जा रहा फायदा

राजस्व विभाग की उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा ने बताया कि लोगों को टैक्स जमा करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 30 जून तक प्रॉपर्टी टैक्स भरने पर सवा छह प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इस छूट योजना और विशेष अभियान (Property Tax Payment Campaign) को नगर निगम के सभी जोनों तक पहुंचाया गया है, जिससे अधिक से अधिक लोग समय पर टैक्स जमा कर इसका लाभ उठा रहे हैं।

वसूली बढ़ी तो विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि टैक्स से मिलने वाला राजस्व शहर के विकास कार्यों में अहम भूमिका निभाता है। इससे सफाई व्यवस्था, जनसुविधाओं और अन्य जरूरी कामों को गति देने में मदद मिलेगी।

पिछले साल के मुकाबले बढ़ी टैक्स वसूली

राजस्व विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल की तुलना में इस साल टैक्स वसूली में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में जून के शुरुआती 11 दिनों में 44 लाख 17 हजार 342 रुपए की वसूली हुई थी, जबकि वर्ष 2026 में इसी अवधि के दौरान यह राशि बढ़कर 62 लाख 49 हजार 628 रुपए हो गई है। निगम अधिकारियों का कहना है कि अभियान और बेहतर निगरानी के कारण वसूली में सुधार आया है।

शहर की दूसरी व्यवस्थाओं में भी चाहिए ऐसी निगरानी

प्रॉपर्टी टैक्स वसूली (Property Tax Discount Scheme) में मिली इस सफलता के बाद अब शहर की अन्य व्यवस्थाओं को सुधारने पर भी जोर दिया जा रहा है। लोगों का मानना है कि जिस तरह राजस्व वसूली के लिए सख्ती और निगरानी की गई, उसी तरह सफाई व्यवस्था, जलभराव और पेयजल जैसी समस्याओं के समाधान के लिए भी लगातार मॉनिटरिंग जरूरी है, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Published on:
13 Jun 2026 12:29 pm